धार | आठ दिनों से मंडी में नीलामी का बहिष्कार कर रहे व्यापारी शनिवार को कलेक्टर से मिलेंगे। मंडी में आगामी भविष्य निधि जमा कराने सहित मंडी खोलने के बारे में चर्चा करेंगे। साथ ही हाईकोर्ट में हुई सुनवाई में कोर्ट ने आगामी आदेश तक मंडी समिति को गारंटी राशि की तोड़ी एफडी बैंक में सुरक्षित जमा कराने के आदेश दिए हैं। वहीं अनाज तिलहन संघ के अध्यक्ष राजेंद्र मोदी ने बताया मामले में हाईकोर्ट से मिले आदेश की कॉपी मंडी सचिव वीरेंद्र आर्य को दी है। शनिवार को सुबह 10.30 बजे कलेक्टर ने भी बुलाया है। जिसमें चर्चा की जाएगी। हम मंडी खोलने के लिए तैयार है। भविष्य के लिए मंडी की योजना अनुसार सामूहिक प्रतिभूति राशि (गारंटी की राशि) को लेकर भी चर्चा की जाएगी।
10 मई को मंडी समिति द्वारा बिना व्यापारियों की सहमति के गारंटी राशि की एफडी तोड़ी थी। जिसका पता चलते ही व्यापारियों ने अनिश्चितकाल के लिए नीलामी का बहिष्कार किया था। मामले में मंडी समिति व व्यापारियों के बीच सुलह के लिए प्रशासन ने बैठक भी ली थी पर बात नहीं बनी थी। प्रशासन के निर्देश पर मंडी समिति ने भगोड़े व्यापारी के जमानतदार व्यापारी महादेव ट्रेडर्स व नित्यानंद ट्रेडर्स के सील किए गोदाम खोले थे। बाद में मंडी व्यापारी कृषि उपज मंडी के उप संचालक प्रवीण शर्मा से भी मिलने इंदौर पहुंचे थे।