खाद्य अधिकारी को उचित मूल्य की दुकान का संचालन स्वसहायता समूह के माध्यम से कराने के निर्देश दिए
भास्कर संवाददता | सरदारपुर
कलेक्टर दीपकसिंह ने विधानसभा क्षेत्र सरदारपुर के अंतर्गत विकास कार्यो की समीक्षा बैठक मांगलिक भवन सरदारपुर में ली। विभागीय कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की। उद्यानिकी विभाग एसडीओ एचएस ग्रेवाल द्वारा पौधारोपण, ड्रीप लाइन, प्याज भंडारण के कार्यो में लापरवाही बरतने पर फटकार लगाते हुए एक माह में कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश दिए। प्रगति नहीं आने पर सेवा समाप्ति की चेतावनी दी।
नगर पंचायत सीएमओ अमरदास सेनानी को प्रधानमंत्री आवास योजना में जीयोटेक, पेयजल योजना को समयसीमा में कार्य नहीं होने पर फटकार लगाई। खाद्य अधिकारी को उचित मूल्य की दुकान का संचालन स्वसहायता समूह के माध्यम से कराने के निर्देश दिए।
जनपद सीईओ केके उईके को प्रत्येक गांव में 1 तालाब का निर्माण करवाने के साथ ही प्राचीन कुएं-बावड़ी की मरम्मत कराने की बात कहीं। जिपं सीईओ रवींद्र कुमार चौधरी, एसडीएम सत्यनारायण दर्रो, तहसीलदार नागेश्वर पनीका समेत अधिकारी मौजूद थे।