उन्नाव : भाजपा विधायक हिरासत में, हाईकोर्ट बोला- गिरफ्तार करो
देश को झकझोरने वाले दुष्कर्म के दो मामले
हाईकोर्ट की निगरानी में होगी जांच
इलाहाबाद हाईकोर्ट इस पूरे प्रकरण की जांच की निगरानी करेगा। चीफ जस्टिस डीबी भोसले की बेंच ने सीबीआई से 2 मई को जांच की स्टेटस रिपोर्ट मांगी है। कोर्ट ने सख्ती से जांच का आदेश दिया है।
कि सीबीआई कानून के तहत सख्ती से जांच करे। आरोपियों की जमानत रद्द करवाने के लिए आवेदन भी दाखिल करे।
इन मामलों की जांच करेगी सीबीआई
1 नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म। विधायक कुलदीप सिंह सेंगर और शशि नाम की महिला आरोपी हैं।
2 न्यायिक हिरासत में पीड़िता के पिता की मौत। चार लोगों को इसमें नामजद आरोपी बनाया गया है।
3 पीड़िता के पिता के खिलाफ दायर आर्म्स एक्ट का मामला। इसी केस के तहत उन्हें जेल में डाला गया था।
कठुआ : पीडीपी-भाजपा गठबंधन तक पहुंची मामले की आंच
भाजपा के दो मंत्रियों के इस्तीफे
भास्कर न्यूज | नई दिल्ली/जम्मू
कठुआ में एक हफ्ते तक सामूहिक दुष्कर्म के बाद आठ साल की बच्ची की हत्या पर भड़के आक्राेश की आंच पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार तक पहुंच गई है। आरोपियों के पक्ष में हिंदू एकता मंच की रैली में गए भाजपा के दो मंत्रियों चौधरी लाल सिंह और चंद्र प्रकाश गंगा ने शुक्रवार शाम भाजपा प्रदेशाध्यक्ष को इस्तीफे सौंप दिए। रैली में जाने के बाद से सत्तारूढ़ पीडीपी और विपक्षी नेशनल कॉन्फ्रेंस लगातार मंत्रियों के इस्तीफे का दबाव बना रहे थे। हालांकि, भाजपा लगातार अपने मंत्रियों का बचाव कर रही थी। शुक्रवार को भी दिल्ली में भाजपा प्रवक्ता मीनाक्षी लेखी ने दावा किया कि इन मंत्रियों को गुमराह किया गया था। गुमराह होना कोई अपराध नहीं है। उनके लिए यही सबक है कि कुछ बोलने से पहले कानून को काम करने दो।
शेष | पेज 4 पर
विवाद बढ़ने के बाद भाजपा क्राइम ब्रांच की जांच के ही समर्थन में खड़ी हो गई थी। इसी बीच, गठबंधन में पैदा हुई तकरार पर चर्चा के लिए शनिवार को भाजपा और पीडीपी की अलग-अलग बैठक होगी। पीडीपी ने श्रीनगर में महबूबा मुफ्ती की अध्यक्षता में बैठक बुलाई है। वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव जम्मू में बैठक लेंगे। भाजपा सूत्रों का दावा है कि बैठक में पीडीपी के साथ गठबंधन जारी रखने या मंत्रियों के भविष्य पर फैसला हो सकता है।
-----------------------------
-----------------------------
वकीलों को सुप्रीम कोर्ट की फटकार; कहा- न्यायिक प्रक्रिया में रोड़े न अटकाएं
पीड़िता की वकील को पैरवी के लिए पेश होने से रोक रहे हैं वकील
बार काउंसिल- बार एसोसिएशन को नोटिस, 19 अप्रैल को सुनवाई
नई दिल्ली|कठुआ में आठ साल की बच्ची के साथ एक हफ्ते तक सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या के आरोपियों के समर्थन में खड़े वकीलों को शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट ने कड़ी फटकार लगाई। पीड़िता की वकील को ट्रायल कोर्ट में जाने से रोक रहे वकीलों को सुप्रीम कोर्ट ने न्यायिक कार्य में रोड़े नहीं अटकाने की चेतावनी दी है। साथ ही बार काउंसिल ऑफ इंडिया, राज्य बार काउंसिल, जम्मू हाईकोर्ट बार एसोसिएशन और कठुआ बार एसोसिएशन को नोटिस जारी कर 19 अप्रैल तक जवाब मांगा है। कोर्ट ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को न्याय के अधिकार से वंचित नहीं कर सकते हैं। कुछ वकीलों की ओर से एडवोकेट पीवी दिनेश ने चीफ जस्टिस दीपक मिश्रा की बेंच के समक्ष शुक्रवार को इस केस का विशेष उल्लेख करते हुए संज्ञान लेने की मांग की थी। चीफ जस्टिस के मांगने पर वकीलों ने कुछ आरोप और जानकारियां ऑन रिकॉर्ड भी कोर्ट में पेश कीं। इस दौरान जम्मू-कश्मीर की ओर से कोर्ट में पहुंचे एडवोकेट शोएब आलम ने कहा कि वकीलों ने चार्जशीट दायर करने जा रही पुलिस टीम को रोककर हाथापाई की। इसके चलते मजिस्ट्रेट के घर आरोपियों को ले जाकर चार्जशीट पेश करनी पड़ी। सीबीआई जांच की मांग का विरोध करते हुए उन्होंने कहा कि चार्जशीट दाखिल होने के बाद जांच सीबीआई काे नहीं सौंप सकते।
--------------
पीड़िता की पहचान दिखाने पर मीडिया संस्थानों को नोटिस:
कठुआ की दुष्कर्म पीड़ित बच्ची की पहचान उजागर करने पर दिल्ली हाईकोर्ट ने कई मीडिया संस्थानों को नोटिस जारी किए। साथ ही आगे से पीड़िता की पहचान उजागर करने से रोक दिया। कोर्ट ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण और निराशाजनक है कि प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पीड़िता का फोटो और नाम चल रहा है। यह मीडिया रिपोर्ट्स पीड़िता की निजता का अपमान और उल्लंघन करती हैं।
------------------------------
केंद्रीय मंत्री बोली- पोक्सो के दोषियों के लिए फांसी का कानून बनाएंगे:
महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी ने कहा कि सरकार पोक्सो कानून के तहत दोषियों को फांसी सजा का कानून लाएगी। उन्होंने कहा कि उनका मंत्रालय पोक्सो में संशोधन का प्रस्ताव रखेगा, जिसमें 12 साल से कम उम्र के बच्चों के यौन शोषण के मामले में मौत की सजा का प्रावधान हो। जम्मू-कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने भी बच्चों से यौन दुष्कर्म के दोषियों के लिए मौत की सजा का कानून बनाने की बात कही है।
-------------------------------
मोदी बोले- बेटियाें को न्याय मिलेगा, दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी
उन्नाव और कठुआ प्रकरण पर पहली बार प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बेटियों को न्याय मिलेगा। उन्होंने कहा कि पिछले दो दिन की घटनाएं शर्मनाक हैं। देश और समाज के तौर पर हम सब इससे शर्मसार हैं। मैं भरोसा दिलाता हूं कि कोई भी गुनहगार बच नहीं पाएगा। बेटियों को न्याय मिलकर रहेगा। न्याय पूरा होगा और मिलकर रहेगा। समाज को भी ऐसी घटनाओं पर सोचने की जरूरत है।