मुंबई की उड़ान भरने से पहले ही बिगड़ा विमान, सुधार
मुंबई की उड़ान भरने से पहले ही बिगड़ा विमान, सुधार के बाद डेढ़ घंटे देरी से रवाना हुआ
भास्कर संवाददाता | इंदौर
देवी अहिल्या एयरपोर्ट के रनवे पर शुक्रवार दोपहर मुंबई की उड़ान भरने से पहले ही विमान में तकनीकी खराबी आ गई। इस वजह से विमान को रनवे से वापस लाया गया। सुधार के बाद करीब डेढ़ घंटे देरी से बाद यह मुंबई रवाना हुआ। इस दौरान यात्रियों को विमान में ही बैठाए रखा। इससे परेशान कुछ यात्रियों ने हंगामा कर दिया।
इंडिगो एयरलाइंस का विमान (6ई-403) मुंबई से दोपहर 1.25 बजे इंदौर आकर 1.55 बजे वापस मुंबई जाता है। एयरपोर्ट डायरेक्टर अर्यमा सान्याल ने बताया शुक्रवार को यह विमान करीब 1.30 बजे इंदौर आया और 2 बजे यात्रियों को लेकर उड़ान भरने के लिए रनवे के टेक-ऑफ पॉइंट पर पहुंचा। टेक-ऑफ के लिए विमान दौड़ लगाने ही वाला था कि पायलट को इंजन में तकनीकी खराबी के संकेत मिले। इस पर पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से संपर्क कर विमान को वापस एप्रन में ले जाने की अनुमति मांगी। अनुमति मिलते ही विमान को वापस लाया गया और सवा घंटे तक सुधार के बाद दोपहर 3.30 बजे मुंबई के लिए रवाना हुआ।