विजय नगर में छठवीं की छात्रा के साथ तो सुखलिया में घर में घुसकर छेड़छाड़
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बाइक सवार बदमाशों को तलाश रही पुलिस
भास्कर संवाददाता| इंदौर
विजय नगर में बाइक सवार दो बदमाशों ने सरेराह छठवीं की छात्रा के साथ और सुखलिया में तीन लोगों ने घर में घुसकर एक युवती के साथ छेड़छाड़ कर दी। पुलिस ने अलग-अलग धाराओं में कायमी की है।
पहली घटना विजय नगर थाना क्षेत्र की है। पुलिस के मुताबिक, गुरुवार को पटेल पेट्रोल पंप के सामने एक बालिका खड़ी थी। इस दौरान बाइक सवार दो बदमाश आए और गाड़ी रोक दी। वे उसका हाथ पकड़कर छेड़छाड़ करने लगे। अचानक हुई इस घटना से घबराई युवती ने शोर मचाया तो आसपास के लोग जमा होने लगे। इस दौरान बदमाश भाग निकले। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश कर रही है।
दूसरी वारदात हीरा नगर थाना क्षेत्र की है। पुलिस के मुताबिक गुरुवार को सुखलिया में रहने वाली 19 वर्षीय युवती ने शिकायत की है कि देवेंद्र भदौरिया, आकाश पगारे, जस्टिन ने लात मारकर उसके घर का दरवाजा खोला और अंदर आ गए और बात नहीं करने को लेकर विवाद किया। फिर छेड़छाड़ करने लगे। जाते-जाते यह धमकी भी दी कि घर के बाहर दिखी तो जान से मार देंगे। युवती का कहना था कि तीनों को वह दो साल से जानती है, लेकिन बीच में विवाद होने के कारण बात बंद कर दी थी।