विपणन उप प्रबंधक पद के लिए अब बीबीए पास भी योग्य
मप्र राज्य सरकारी विपणन संघ की भर्तियों में उप प्रबंधक और सहायक प्रबंधक पद के लिए अब बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (बीबीए) पास स्नातक उम्मीदवार भी पात्र होंगे। विपरणन संघ ने भर्ती के अर्हता नियमों में सुधार करते हुए आवेदन के लिए योग्यता का पैमाना किसी भी विषय में स्नातक तय कर दिया है। साथ ही प्रोफेशनल एग्जामिनेशन बोर्ड (पीईबी) ने आवेदन की अंतिम तारीख 9 अप्रैल से बढ़ाकर 14 अप्रैल कर दी है, ताकि बीबीए पास स्नातक भी आवेदन कर सकें। मंगलवार को संशोधित नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है।
गौरतलब है कि परीक्षा के लिए पूर्व में जारी आवेदन के लिए सिर्फ कला, विज्ञान, कृषि, वाणिज्य और इंजीनियरिंग ग्रेजुएट को आवेदन के लिए पात्र घोषित किया गया था। प्रबंधन से जुड़े पद के लिए प्रबंधन विषय में स्तानत को अयोग्य माने जाने को लेकर दैनिक भास्कर ने 4 अप्रैल को ‘विपणन उप प्रबंधक के लिए बीए पास योग्य, लेकिन बीबीए पास अयोग्य’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद ही शासन के सेवा नियमों के आधार पर विपणन संघ भर्ती परीक्षा की रूल बुक में संशोधन किया किया गया है, लेकिन अफसोस की बात यह है कि उप प्रबंधक और सहायक प्रबंधक जैसे पद के लिए जब बीबीए पास स्नातक उम्मीदवार को योग्य मान लिया गया, लेकिन इससे छोटे पद क्षेत्र सहायक के लिए अब भी बीबीए पास स्नातक उम्मीदवार अयोग्य हैं, क्योंकि इस पद के लिए आवेदन अर्हता में कोई सुधार नहीं किया गया है।
बीबीए पासआउट उम्मीदवारों को 32 पदों पर मिलेगा लाभ- विपणन संघ-पीईबी की भूल सुधार से बीबीए पास स्नातकों को 32 पदों पर आवेदन का लाभ मिल सकेगा। इसमें 20 पद उप प्रबंधक और 12 पद सहायक प्रबंधक के हैं। कुल 184 पदों पर भर्ती होनी है। इसमें सर्वाधिक 80 पद क्षेत्र सहायक के हैं। इसके बाद 20 पद लेखाधिकारी और 12 पद सहायक लेखाधिकारी के हैं, इनमें बीबीए पास उम्मीदवारों को आवेदन का पात्र अब भी नहीं माना गया है।
बेहतर होता कि उप प्रबंधक और सहायक प्रबंधक के साथ ही क्षेत्र सहायक पद के लिए बीबीए को आवेदन की पात्रता दी जानी चाहिए। जब बीए और बीसीए पास इसके लिए योग्य हैं तो बीबीए डिग्रीधारकों को कमतर मानना समझ से परे हैं। - विनय चौरसिया, बीबीए पासआउट