- Hindi News
- National
- प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में स्थायी प्रतीक्षा सूची में नाम जोड़े जाएंगे
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में स्थायी प्रतीक्षा सूची में नाम जोड़े जाएंगे
धार | प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत स्थायी प्रतीक्षा सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया प्रारंभ करने के लिए निर्देश जिला पंचायत सीईओ आरके चौधरी ने संबंधित अधिकारियों को दिए हैं।
उन्होंने बताया नाम जोड़ने की प्रक्रिया प्रारंभ की जा चुकी है। इसमें ऐसे परिवार जो योजनांतर्गत निर्धारित पात्रता रखते हैं, लेकिन उनके नाम न होने से योजना के लाभ से वंचित है, उनके नाम प्राथमिकता से जोड़े जाएंगे। ऐसे परिवार जिनका नाम सामाजिक आर्थिक एवं जाति जनगणना 2011 में पूर्व में था, लेकिन ग्रामसभा द्वारा हटा दिए गए हैं, उनके नाम एवं जिन परिवारों का नाम सामाजिक आर्थिक जाति जनगणना 2011 में नहीं है एवं जो आवासहीन/एक रूम कच्चा/दो रूम का कच्चा आवासधारी परिवार है, उनके नाम जोड़े जाने की कार्रवाई की जाएगा।
14 अप्रैल को होने वाली ग्रामसभा में इन नामों का अनुमोदन प्राप्त किया जाएगा। इसके बाद जनपद सीईओ अपने प्रतिवेदन के साथ जिला स्तर पर नाम भेजेंगे। यहां से अपीलीय समिति के अनुमोदन के बाद शासन को नाम भेजे जाएंगे। उन्होंने कहा-ऐसे परिवार जो पात्रता की श्रेणी में आते हैं, वे जनपद पंचायत/ग्राम पंचायत में अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।