- Hindi News
- National
- किसानों को 11.30 बजे बुलाया, अतिथि ही 1.12 पर पहुंचे तो गर्मी में तलाशना पड़ी छाव
किसानों को 11.30 बजे बुलाया, अतिथि ही 1.12 पर पहुंचे तो गर्मी में तलाशना पड़ी छाव
बिड़वाल. किसानों को रुपे कार्ड बांटते अतिथि।
भास्कर संवाददाता | बिड़वाल
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा बिड़वाल ने शुक्रवार को किसानों को कृषि ऋण राशि निकालने के लिए रुपे कार्ड वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया था। जिसमें अतिथि बैंक अध्यक्ष राजीव यादव, भाजपा नेता रामेश्वर मुकाती, डॉ. अमृत पाटीदार, विधायक प्रतिनिधि रमेश पटेल व दिनेश पटेल थे। कार्यक्रम को लेकर ग्रामीण किसानों को सुबह 11.30 बजे ही बुला लिया। जबकि अतिथि दोपहर 1.12 बजे पहुंचे। इस दौरान गर्मी में किसान परेशान होते रहे। कुछ किसान छाव की तलाश में इधर-उधर भटकते रहे।
अतिथियों ने भगवान बलराम के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम शुरू किया। अतिथियों ओर अन्य संस्था अध्यक्ष का स्वागत संस्था अध्यक्ष और शाखा प्रबंधक ने पुष्प माला से किया। मुख्य अतिथि यादव ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि नाबार्ड के सहयोग से गोईंग डिजिटल योजना अंतर्गत किसान रुपे कार्ड का वितरण सबसे पहले धार जिले में किया जा रहा है जो की किसानों के लिए सुविधाजनक है। इस कार्ड़ के माध्यम से किसान आवश्यकतानुसार राशि का आहरण कर सकता है। एक मुश्त राशि निकालने से उसकी सुरक्षा का भय भी बना रहता था। करीब 150 किसानों को कार्ड बांटे। अन्य अतिथियों ने भी संबोधित किया। आयोजन में शाखा बिड़वाल से संबंधित बिड़वाल, कोद और कड़ोदकला के किसान और संस्था कर्मचारी मौजूद थे।
विधायक के आने पर ज्ञापन देने पहुंचे थे
विधायक भंवरसिंह शेखावत के आने की सूचना पर समीप गांव कोद के किसान कोद में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी केंद्र शुरू करने के लिए ज्ञापन देने पहुंचे थे। मगर वे किसान सम्मान यात्रा में व्यस्त होने के कारण नहीं आए। किसानों का प्रतिनिधित्व करने वाले रमेश धाड़वी, लोकेंद्र सिंह चौहान ने विधायक प्रतिनिधि रमेश पटेल को मांग पत्र सौपना चाहा तो पटेल ने किसानों से कहां 15 अप्रैल को किसान यात्रा का समापन कानवन में होगा। जहां आप विधायक से मिलकर समस्या बताए। संचालन युवा मोर्चा के जिला कोषाध्यक्ष अशोक पटेल और आभार महेश कलीया ने माना।