पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • भाजपा के दोनों मंत्रियों के इस्तीफे मंजूर, बार काउंसिल ने कहा हड़ताल खत्म करें वकील

भाजपा के दोनों मंत्रियों के इस्तीफे मंजूर, बार काउंसिल ने कहा- हड़ताल खत्म करें वकील

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज | नई दिल्ली/जम्मू

कठुआ दुष्कर्म कांड के आरोपियों के समर्थन में हुई रैली में जाकर विवादों में घिरे भाजपा के दोनों मंत्रियों के इस्तीफे मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने रविवार को मंजूर कर लिए। राज्य सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि मंत्री लाल सिंह और चंद्र प्रकाश गंगा के इस्तीफे सुबह ही भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सत शर्मा ने मुख्यमंत्री को भेजे थे। इन्हें तत्काल मंजूर कर राज्यपाल एनएन वोहरा के पास भेज दिया गया। इसी बीच, बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने जम्मू और कठुआ के बार एसोसिएशंस को हड़ताल वापस लेने के लिए कहा है। वकीलों के दुर्व्यवहार के आरोपों की जांच के लिए काउंसिल हाईकोर्ट के रिटायर्ड चीफ जस्टिस की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय टीम भी भेजेगी। काउंसिल के चेयरमैन और सीनियर एडवोकेट मनन कुमार मिश्रा ने कहा कि अगर कोई वकील दोषी मिला तो उसका लाइसेंस भी कैंसिल किया जा सकता है। सुप्रीम कोर्ट के नोटिस के बाद काउंसिल की जनरल बॉडी की मीटिंग में यह फैसला किया गया। उल्लेखनीय है कि जम्मू की बार एसोसिएशन 17 अप्रैल तक हड़ताल पर है। शेष | पेज 4 पर

यह लोग इलाके में बांग्लादेशी और रोहिंग्याओं की अवैध मौजूदगी के खिलाफ हड़ताल पर हैं। साथ ही कठुआ मामले की सीबीआई जांच की भी मांग कर रहे हैं।

आरोपी के परिवार ने कहा- सीबीआई से जांच करवाओ, फिर भले ही सरेआम फांसी दे देना:

रासना
| कठुआ कांड का मुख्य साजिशकर्ता बताए जा रहे सांझी राम के परिवार ने कहा है कि मामले की जांच सीबीआई से करवानी चाहिए। उसमें दोषी मिलने पर भले ही सांझी राम और उसके बेटे को सरेआम फांसी दे देना। भूख हड़ताल पर बैठी सांझी राम की बेटी ने कहा, “आठ साल की बच्ची को न्याय दिलाने के लिए सीबीआई जांच की मांग को मीडिया दोषियों को बचाने अौर जांच में रुकावट डालने की कोशिश क्यों दिखा रहा है।’ पिछले 15 दिनों के दौरान गिरफ्तार किए गए लोगों के समर्थन में भूख हड़ताल पर बैठी 16 महिलाएं अस्पताल में भर्ती करवाई जा चुकी हैं।

--------------------------

दो मंत्रियों को हटाने के बाद भाजपा ने मांगा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष का इस्तीफा

कठुआ दुष्कर्म केस में दिए बयान के आधार पर भाजपा ने जम्मू-कश्मीर कांग्रेस के अध्यक्ष गुलाम अहमद मीर को हटाने की मांग की है। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि मीर ने लोगों के हवाले से कहा है कि इस कांड का दोषी बाहर है। यह जांच राजनीति से प्रेरित है और मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मीर को पद से क्यों नहीं हटाया। उन्होंने कहा कि राहुल ने कठुआ मामले में तो कैंडल मार्च निकाला, लेकिन निर्भया कांड के वक्त वह कहां थे?

उन्नाव दुष्कर्म : पीड़िता के परिवार का आरोप- विधायक के गुंडे दे रहे धमकी

लखनऊ | उन्नाव दुष्कर्म केस की पीड़िता के परिवार ने आरोप लगाया है कि भाजपा विधायक कुलदीप सेंगर के गुंडे उन्हें और गवाहों को धमका रहे हैं। पीड़िता के चाचा ने कहा कि विधायक का भाई अतुल सिंह जेल से ही अपने लोगों को गांव वालों को धमकाने के निर्देश दे रहा है। उन्होंने दावा किया कि गांव के दो लोग लापता भी हैं। उन्होंने कहा कि शनिवार को विधायक के गुंडे दो गाड़ियों में गांव भी गए थे। इसी बीच, पीड़िता को नौकरी का झांसा देकर विधायक के पास ले जाने की आरोपी शशि सिंह को कोर्ट ने चार दिन के रिमांड पर सीबीआई को सौंप दिया। विधायक को भी कोर्ट ने शनिवार को सात दिन के रिमांड पर जांच एजेंसी को सौंपा था।

खबरें और भी हैं...