महिला बिजली जोन को मजबूत बनाने के लिए और बढ़ेगा स्टाफ
प्रदेश के पहले महिलाकर्मियों वाले अरण्य नगर बिजली जोन को और मजबूत बनाने के लिए महिला टेक्निकल स्टाफ की व्यवस्था की जाएगी। संविदा आधार पर महिलाओं को तैनात किया जाएगा। काम का दबाव बढ़ने पर अभी महिलाकर्मियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनकी मदद के लिए पुरुषकर्मी आते हैं तो वहां पूर्व में तैनात रहे कर्मचारी एेतराज जताकर विवाद करते हैं।
इस जोन पर पहले पुरुष स्टाफ तैनात था। इस साल महिला दिवस पर जोन को पूरी तरह महिलाकर्मियों के हवाले कर दिया था। हालांकि पुरुषकर्मी यहां से जाना नहीं चाहते थे। इस वजह से वे जोन की व्यवस्था भंग करना चाहते हैं। महिलाओं की मदद के लिए समय-समय पर पुरुष कर्मचारी भेज दिए जाते हैं। ऐसा सभी जोन पर किया जाता है। नए स्टाफ को एरिया समझने में वक्त लगता है। खासकर फॉल्ट वगैरह होने पर। ऐसे में पुराने कर्मचारी उस क्षेत्र की जानकारी होती है। 12 अप्रैल की रात जोन में बिजली लाइन बर्स्ट होने पर भी दूसरे जोन के पुरुष स्टाफ को बुलाया गया था। इनसे वहीं रहे पूर्व कर्मचारियों ने मारपीट की थी और जान से मारने धमकी दी थी।
अन्य जिलों में भी एक-एक महिला जोन बनेगा
अब जोन की व्यवस्था और मजबूत करने के लिए ज्यादा स्टाफ मुहैया कराया जा रहा है। अधीक्षण यंत्री सुब्रत राय के मुताबिक बिजली कंपनी ने आउटसोर्स के लिए एक कंपनी को कॉन्ट्रेक्ट दे रखा है। उसी कंपनी को निर्देश दिए हैं कि महिला जोन के लिए पांच से 10 टेक्निकल महिला स्टाफ की व्यवस्था की जाए। उल्लेखनीय है कि संभाग के अन्य जिलों में भी एक-एक महिला जोन बनाया जाना है।