धार | मुख्यमंत्री ने 15 मई को मुख्यमंत्री निवास पर पेंशनर्स पंचायत बुलाई थी। जिसमें धार से प्रांतीय महामंत्री बबन अग्रवाल के नेतृत्व में जिलाध्यक्ष भेरूसिंह बारोड़, उपाध्याय नंदकिशोर उपाध्याय ने भाग लिया। मुख्यमंत्री ने बुजुर्ग पेंशनरों का माल्यार्पण कर सम्मान कर शाॅल श्रीफल भेंट किया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में पेंशनरों को 1 जनवरी 2016 से 2.57 की दर से पेंशन पुनरीक्षण करने के साथ पेंशनरों के स्वास्थ्य की चिंता करते हुए पेंशनर बोर्ड गठित करने की घोषणा की। जिसमें पेंशनर प्रतिनिधि सदस्य होंगे। बोर्ड की अनुशंसा पर गंभीर व खर्चीली बीमारी के उपचार सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही सभी समस्याओं का समय-समय पर निराकरण करने का आश्वासन दिया। एरियर 1 जनवरी 2016 से देने का आश्वासन देते हुए भुगतान की प्रक्रिया शीघ्र तय करने की बात कही। जानकारी उपाध्याय ने दी।