पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • जिले में 7 मंडी, धार मंडी में नहीं होती सब्जियाें की खरीदी, नतीजा लहसुन भावांतर से बाहर

जिले में 7 मंडी, धार मंडी में नहीं होती सब्जियाें की खरीदी, नतीजा-लहसुन भावांतर से बाहर

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
धार. थोक सब्जी मंडी में बाइक पर दो कट्‌टी लहसुन लेकर आए देदला के किसान रघुवीर जाट।

2 रु. किलो बिक रहा लहसुन, सरकार की घोषणा 8 रु. किलो भावांतर मिलेगा

मंडी दायरे में नहीं होने से धार में लहसुन बेचने वाले किसान योजना से दूर

दायरे में होती तो प्रति किलो 2 रु. बाजार मूल्य व 8 रु. भावांतर मिलाकर 10 रु. भाव मिलता

भास्कर संवाददाता | धार

भावांतर योजना में खरीदी के लिए जिले में सात अनाज मंडियां अधिसूचित हैं। इनमें से धार ही ऐसी मंडी है, जहां सब्जियों की खरीदी नहीं होती। इसका नतीजा यह है कि धार स्थित थोक सब्जी मंडी में लहसुन बेचने आ रहे किसान भावांतर योजना से दूर हो गए हैं। उनकी लहसुन 2 रुपए किलो बिक रही है। शासन की घोषणा के अनुसार किसानों को लहसुन पर 8 रुपए किलो भावांतर मूल्य दिया जा रहा है। यदि धार थोक सब्जी मंडी अनाज मंडी के अधीन होती तो यहां उपज बेच रहे किसानों को 2 रुपए प्रति किलो बाजार मूल्य के साथ 8 रुपए प्रति किलाे भावांतर मूल्य भी मिल जाता। प्रति किलो 10 रुपए मूल्य मिलता लेकिन फिलहाल 2 रुपए बाजार मूल्य से ही किसान को संतोष करना पड़ रहा है। लहसुन की भावांतर में खरीदी 10 अप्रैल से शुरू हुई थी, जो 30 मई तक चलेगी।

इसलिए धार में भावांतर से बाहर है लहसुन

भावांतर योजना के लाभ के लिए किसान के पास पंजीयन, मंडी गेट पास, नीलामी पर्ची, वजन पर्ची और भुगतान पत्रक होना चाहिए तभी बेचे गए माल के भावांतर का पैसा खाते में आता है। धार में थोक सब्जी मंडी में आढ़तिए नीलामी करते हैं। आवक, नीलामी, तौल व भुगतान की व्यवस्था नहीं है। यहां आढ़तियों व व्यापारियों द्वारा दिया गया बिल भावांतर योजना में लागू नहीं है। ऐसे में लहसुन बेचने पर योजना का लाभ नहीं मिल रहा।

बाइक पर कट्‌टी रख कर लाए किसान बोले-क्या करें ज्यादा दूर नहीं ले जा सकते

2 रुपए किलो में उपज खरीद रहे : दिलीप ठाकुर

देदला के रघुवीर जाट लहसुन की दो कट्‌टी बाइक पर लेकर थाेक सब्जी मंडी आए। उन्होंने कहा कि अन्य मंडियों में ज्यादा दूर तक नहीं ले जा सकते। अभी रुपयाें की जरूरत है, इसलिए दो कट्‌टी बेचनी पड़ेगी। सलकनपुर के दिलीप ठाकुर ने बताया 2 रुपए किलो में उपज खरीदी जा रही है।

मैंने स्वयं ने इंदौर मंडी में अपनी लहसुन बेची

मैंने भी इंदौर मंडी में जाकर अपनी लहसुन बेची। जल्द प्याज की खरीदी भी होगी। धार मंडी में भले ही छोटे स्तर पर तत्काल सब्जी मंडी को अधीन लेकर खरीदी शुरू की जाना चाहिए, ताकि किसानों को भावांतर का लाभ मिले। इसके लिए सोमवार को ही हम संबंधित अधिकारियों से मिलेंगे। महेश ठाकुर, जिलाध्यक्ष भारतीय किसान संघ

लाइसेंस देने के लिए विज्ञप्ति निकाली है

सब्जियों की खरीदी के लिए व्यापारियों को मंडी लाइसेंस देने के लिए विज्ञप्ति निकाल दी गई है। व्यापारियों के लाइसेंस लेने के बाद खरीदी चालू की जाएगी। प्रभु राठौड़, अध्यक्ष कृषि उपज मंडी धार

1600 रुपए से कम भाव से बिकने पर भी मिलेगा योजना का लाभ

धार |
भावांतर भुगतान योजना में संशोधन किया गया है। अब यदि किसान का लहसुन 1600 रुपए प्रति क्विंटल से कम मूल्य पर भी बिकता है, तो भी उसे भावांतर योजना का लाभ मिलेगा। 9 अप्रैल को वर्ष 2018-19 के लिए लहसुन फसल के लिए भावांतर की देय राशि अधिकतम 800 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित की थी। यदि 1600 रुपए प्रति क्विंटल से कम मूल्य पर लहसुन बिकता, तो उसकी गुणवत्ता को निम्न मानते हुए भावांतर योजना का लाभ नहीं देने का प्रावधान था। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार किसानों के हित में यह प्रावधान समाप्त कर दिया गया है।

खबरें और भी हैं...