- Hindi News
- National
- उमरबन व धरमपुरी में एक एक जगह ही बन रहे आधार कार्ड, संशोधन के सौ रु. वसूल रहे
उमरबन व धरमपुरी में एक-एक जगह ही बन रहे आधार कार्ड, संशोधन के सौ रु. वसूल रहे
भास्कर संवाददाता | कालीबावड़ी
शासन की हर योजना में आधार कार्ड को अनिवार्य किया है। हालही में आधार से मोबाइल नंबर भी जोड़ने, ईमेल, सरनेम की जानकारी को अनिवार्य करने से ग्रामीण अपडेट कराने पहुंच रहे है। जहां 100 व 200 रु. तक की वसूली की जा रही है। पूर्व में बने कार्ड में सरनेम सहित अन्य जानकारियां नहीं थी। उमरबन व धरमपुरी ब्लॉक में एक-एक जगह ही आधार कार्ड बनने से सुबह से देर रात तक भीड़ लगी रहती है। प्राइवेट एजेंसियों द्वारा काम करने से शासन का किसी प्रकार का नियंत्रण भी नहीं है। कार्ड में संशोधन के लिए सिर्फ 25 रु. लिए जाते है। जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक राशि वसूली जा रही।
उमरबन ब्लॉक में सिर्फ टवलाई व धरमपुरी ब्लॉक के सेमल्दा में ही आधार कार्ड बनाए जा रहे है। राशन दुकान, स्कूल, कॉलेज, बैंक सहित हर जगह केंद्र सरकार ने आधार कार्ड अनिवार्य कर दिया है। परंतु कार्ड कहां ओर कैसे बनेंगे इसकी व्यवस्था नहीं कने से ग्रामीणों को मजदूरी छोड़कर कार्ड बनवाना व संशोधन कराने पहुंचना पड़ रहा। आधार कार्ड एमपी ऑनलाइन की दुकानों पर बनाए जा रहे है। जहां कार्ड बनाने वाले दुकानदारों व्यक्ति का चेहरा देखकर मनमानी राशि वसूल रहे। बुजुर्गों सहीत स्कूली बच्चों को कार्ड के लिए परेशान होना पड़ रहा। उमरबन विकासखंड के गांव सुरानी, निल्दा, साकल्दा, रामाधामा, दाभड़, करोंदिया, कछादड़, लुन्हेरा, बाकानेर, अहेरवास कालीबावड़ी पंचायत के हजारों लोग आधार कार्ड अपडेट कराने के लिए कालीबावडी से 20 किमी दूर टवलाई व दस किमी दुर सेमल्दा पैदल या निजी वाहनों से जाकर आधार कार्ड बनवाने जा रहे है। उमरबन विकासखंड में मात्र एक ही सेंटर होने से खासी परेशानी हो रही है वही धरमपुरी ब्लाक के सेमल्दा में आधार कार्ड बनाने वालों की दुकानों पर अत्यधिक भीड़ होने के चलते इन्हें यहां बैठे-बैठे शाम तक हो जाती है।
जिपं से अनुबंध रहता है : जपं सीईओ
मामले में उमरबन जनपद पंचायत सीईओ एमएस कुशवाह का कहना है हमारा इन सेंटरो पर कोई नियंत्रण नहीं है। यह सीधे जिला पंचायत से अनुबंध करा लेते है।
ज्यादा राशि नहीं ली जा सकती: ई गवर्नेस ब्लॉक मैनेजर
ई गर्वनेश के उमरबन ब्लाॅक मैनेजर पारस बर्फा का कहना है कोई भी आधार कार्ड संचालक शासन के निर्धारित शुल्क से अधिक राशि नहीं ले सकता है। अगर कोई ज्यादा राशि ले रहा है तो 1947 नंबर पर शिकायत दर्ज करा सकते है।
कालीबावड़ी. धरमपुरी ब्लाॅक के सेमल्दा में आधार कार्ड के लिए लगी ग्रामीणों की भीड़।
किसी से लिए 100 रु. तो किसी को बेरंग लौटना पड़ा
शुक्रवार को कालीबावडी के पास ग्राम जामन्या के दद्दु ठाकुर दो बालिका अनुष्का (3) व शीतल (5) को सुबह से लेकर धरमपुरी के सेमल्दा केंद्र पर पहुंचे। दोपहर 2 बजे तक नंबर नहीं आया। थक हार कर वे आधार अपडेट नहीं कराते हुए वापस गांव लौट गए। कालीबावड़ी के अायुष कर्मा ने सरनेम व ईमेल आइर्डी अपडेट कराई। जिस पर 100 रु. लिए। गांव मुंडला के श्रवण पिता रामसिंह परिवार के चार बच्चों का कार्ड अपडेट कराने पहुंचे। जिनसे 400 रु. लिए। अपडेट के बाद प्रिंट निकालने पर 30 से 50 रु. अलग से लगेंगे। कालीबावड़ी के भारत पिता हीरालाल नि. कालीबावड़ी सुबह 7 बजे से खड़े थे। शाम तक नंबर नहीं आया। जिन्हे कल बुलाया। मामले में मनावर एसडीएम बीएस सोलंकी से चर्चा की तो उनका कहना था कि इस बारे में जनपद सीईओ से चर्चा करे। वे ही इस बारे में बता पाएंगे।