ढिगावा मंडी | महिलाओं के सशक्तिकरण से समाज सशक्त होता है। पंचायतों को सशक्त करना है तो महिला सशक्तिकरण से शुरूआत करनी होगी। महिलाओं को पंचायत कार्यों और ग्रामीण विकास में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए संगठित, शिक्षित और सशक्त होकर काम करना है। यह बात महिला सरपंच और पंचों को सशक्तिकरण का प्रशिक्षण दे रहे एचएआरडी नीलोखेड़ी से नवीन शर्मा व सुनीता नेहरा ने कही। नवीन शर्मा ने बताया कि महिलाओं से जुड़ी पंचायत कार्यों में भागीदारी, महिला विकास की योजनाओं, डिजिटल लेनदेन के बारे में, एड्स जैसी बीमारियों से बचाने और पंचायत की ओर से घरेलू हिंसा के रोकथाम के लिए किए जा सकने के प्रयासों के बारे में जानकारी दी। शिविर में महिलाओं को महिला विकास और सशक्तिकरण के लिए विशेष अभियान चलाने के बारे में जागरूक किया। इस अवसर पर सरपंच सोनिया, सरपंच पूजा, पंच बिरमति, पंच सुमित्रा, पंच बबीता आदि मौजूद थे।