1 जून से शुरू होगा कॉल सेंटर, बिजली संबंधी शिकायतों का होगा समाधान
धौलपुर | बिजली की समस्याओं से परेशान उपभोक्ताओं के लिए जल्द ही जिले में सरको कंपनी का कॉल सेंटर शुरू होगा, जो उपभोक्ताओं की शिकायतों का शीघ्रता से निस्तारण करेगा। यह कहना है राजस्थान विद्युत विभाग के जयपुर डिस्कॉम तकनीकी निदेशक नवीन अरोड़ा का। शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर धौलपुर पहुंचे तकनीकी निदेशक ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में विद्युत विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता के साथ सभी एईएन और जेईएन के साथ बैठक करते हुए तकनीकी निदेशक नवीन अरोड़ा ने धौलपुर जिले में विद्युत छीजत कम करने के निर्देश दिए। शहर में बदहाल विद्युत व्यवस्था पर अधिकारियों को लताड़ लगाते हुए तकनीकी निदेशक ने शहर में सुचारू विद्युत व्यवस्था दिए जाने के भी निर्देश दिए। बैठक के दौरान तकनीकी निदेशक ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को समय-समय पर शहर में छापेमारी कर विद्युत चोरी रोकने के भी निर्देश दिए।