धौलपुर | भाजपा कर्नाटक में विधायकों की खरीद-फरोख्त कर तानाशाहीपूर्ण तरीके से लोकतंत्र की कथित हत्या कर सरकार बनाना चाहती है। केंद्र सरकार ने अपनी शक्तियों का दुरुपयोग कर कर्नाटक में राज्यपाल के जरिए येदुरप्पा को मुख्यमंत्री की शपथ दिलाकर भारत के संविधान का अपमान किया है। यह बात कांग्रेस जिलाध्यक्ष अशोक शर्मा ने शुक्रवार को कही। इसका विरोध करते हुए कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए मुख्य बाजारों से जुलूस निकाला और जगन चौराहा पर पहुंचकर कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र की आवाज को दबाना चाहती है, जो कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष लीना शर्मा ने कहा कि भाजपा के राज में आमजन परेशान है वहीं किसान, मजदूर आत्म हत्या करने पर मजबूर हो रहा है। इस विरोध प्रदर्शन में जिले भर से कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।