सैंपऊ। कस्बे के ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय पर देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की पुण्यतिथि ब्लॉक अध्यक्ष विनीत कुमार शर्मा की अध्यक्षता में मनाई गई। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने स्व. राजीव गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर दो मिनट का मौन रख श्रद्धांजलि अर्पित की। ब्लॉक अध्यक्ष विनीत शर्मा ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री गांधी के बलिदान को भुलाया नहीं जा सकता। आधुनिक भारत के निर्माण में उनकी महती भूमिका रही। भारत देश में सूचना एवं प्रौद्योगिकी क्रांति का श्रेय राजीव गांधी को जाता है। शर्मा ने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार देश की आजादी और विकास में कांग्रेस के योगदान को नकारने का प्रयास करते हैं। लेकिन कांग्रेस पार्टी का शुरू से ही बलिदान का इतिहास रहा है। देश के विकास में राजीव गांधी की भूमिका अग्रणी रही है। भारत देश को आधुनिकी तकनीक से जोड़ना उनका सपना था जो पूरा हुआ है। कांग्रेस पार्टी जब-जब सत्ता में आई। देश को नई दिशा से जोड़ा है। लेकिन देश की मौजूदा भाजपा सरकार विकास क्षेत्र में अवरोधक साबित हुई है। जिस दिन से देश में नोटबंदी लागू हुई उसी दिन से अर्थव्यवस्था को ग्रहण सा लग गया है। आमजन से लेकर किसान वर्ग व्यापारी वर्ग गरीब वर्ग सभी परेशानियों के दौर से गुजर रहा है। महंगाई, बेरोजगारी चरम पर पहुंच गई है। युवा रोजगार के लिए भटक रहे है। सरकार द्वारा किए गए वादे जमीनी हकीकत पर खोखले साबित हुए है। कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी और पार्टी के विचारों और नीति रीतियों पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्रवक्ता सुभाष शर्मा, रामावतार परमार, विनोद कुमार, अजय शर्मा, आईएनसीआर के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष उज्जवल शर्मा, डोंगर सिंह, कांग्रेस रेवोल्यूशन के प्रदेश उपाध्यक्ष जोगेंद्र पहाड़िया आदि मौजूद थे।
सैंपऊ. पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ता।
राजीव गांधी थे डिजिटल इंडिया के जनक: शर्मा
धौलपुर। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी डिजिटल इंडिया के जनक थे। उन्होंने ही भारत में संचार क्रांति के नए आयाम स्थापित किए। यह बात कांग्रेस जिलाध्यक्ष अशोक शर्मा ने कही। वे राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेस कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा व जीवन दर्शन पर आयोजित विचार गोष्ठी में बोल रहे थे। शिक्षा, चिकित्सा, रक्षा के क्षेत्र, किसानों के लिए कई योजनाऐं बनाकर उन्हें क्रियान्वित भी कराया। यहां जिला उपाध्यक्ष मूलासिंह तोमर, बद्रीप्रसाद जाटव आिद मौजूद थे।
कांग्रेस कार्यकर्ताओ ने पूर्व प्रधानमंत्री की मनाई पुण्यतिथि
सरमथुरा। कस्बा में सोमवार को ब्लाॅक कांग्रेस कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि मनाई। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और उनकी जीवनी पर प्रकाश डाला। पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष बौहरे महावीर सिंह शर्मा ने कहा कि राजीव गांधी के त्याग को कांग्रेस पार्टी भुला नहीं सकती। इस मौके पर ब्लाॅक अध्यक्ष रामलखन मीणा, राजाबाबू शर्मा, सूआलाल गर्ग, परसोत्तम मित्तल, मुकेश तिवारी, गिर्राज मिश्र सहित कार्यकर्ता मौजूद थे।