एक तरफ तो इन दिनोंे पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है वहीं पांच दिनों से यदि बिजली नहीं आए तो हालत बद से बदतर हो जाती है। ऐसा ही कुछ जाटौली क्षेत्र के 5 गांवों में हो रहा है। पिछले 5 दिन से बिजली नहीं आने से जहां लोग असहनीय गर्मी से परेशान हो रहे हैं तो दूसरी ओर बिजली नहीं आने से ग्रामीण पानी के लिए भी तरस गए हैं। लाइट और पानी की समस्या के चलते इस क्षेत्र में हालात ये हो गए हैं कि गांवों में रहने वाली शादी-शुदा महिलाएं घबराकर अपने मायके जा रही हैं तो बच्चों और वृद्धों की तबियत खराब हो रही है। इन सभी समस्याओं से जूझ रहे ग्रामीणों के सब्र सोमवार को टूट गया और जाटौली, लुहारी, तगावली, कासमपुर, भैंसेना के ग्रामीण एकत्रित होकर दोपहर को धौलपुर डिस्कॉम स्थित एसई कार्यालय पहुंचे और वहां नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। जाटौली के रहने वाले हरवेंद्र शर्मा ने बताया कि पहले इन गांवों की लाइट सीधे धौलपुर फीडर से होती थी। अभी कुछ दिन पहले जाटौली में बने जीएसएस से बिजली आपूर्ति के लिए लाइन जोड़ दी गई। उन्होंने कहा कि जाटौली जीएसएस अभी पूरी तरह से कार्य नहीं कर पा रहा, इसके चलते पिछले 5-6 दिन से गांवों में बिजली व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो चुकी है। बिजली व्यवस्था ठप होने से जाटौली और लुहारी में पेयजल आपूर्ति भी ठप हो चुकी है।
इस भीषण गर्मी में पीने सहित अन्य कार्यों के लिए पानी लेने के लिए महिलाओं और पुरुषों को आसपास के अन्य गांवों में जाकर लाना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि लाइट की समस्या के निस्तारण के लिए लगातार एसई, एक्सईएन से फोन पर बात की जा रही है, लेकिन सिवाय आश्वासन के कुछ नहीं हो रहा। अाज एसई से मिलने आए हैं। अगर अब भी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करेंगे। ग्रामीणों की समस्या सुनने के बाद एसई बीएल वर्मा ने उन्हें दो दिन में समस्या का समाधान किए जाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर धर्मेंद्र त्यागी, बलवीरसिंह राना, महाराजसिंह सरपंच, राधेश्याम सक्सेना, हाकिमसिंह, मोहनसिंह, जयेश, बनवारी, अशोक बघेल, रामविलास बघेल, दिनेश, विवेक शर्मा, मुन्नालाल, सत्यपाल, हरेंद्र सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
धौलपुर. एसई कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते ग्रामीण।
बड़ी मुश्किल से मनाकर लाया हूं प|ी को
जाटौली के रहने वाले दिनेश शर्मा की प|ी बिजली समस्या के चलते आगरा स्थित अपने मायके चली गई। दिनेश ने बताया कि उसे काफी समझाया, लेकिन वह नहीं मानी और जाते-जाते यह कह गई कि जब तक गांव में बिजली समस्या हल नहीं हो जाती, वह मायके में ही रहेगी। उसने बताया कि रविवार को गांव के कुछ लोगों को लेकर वह आगरा गया और प|ी सहित उसके परिजनों को समझाया। तब जाकर वह मानी और गांव आने को तैयार हुई। वहीं एक अन्य युवक ने बताया कि लाइट नहीं होने से मच्छरों का भी आतंक बढ़ गया है। इससे बचने के लिए काफी जतन करने पड़ रहे हैं।
जाटौली जेईएन मीणा को हटाने की भी की मांग
जाटौली फीडर से जुड़े गांवों के ग्रामीणों ने जाटौली जीएसएस पर तैनात जेईएन प्रेमराज मीणा के खिलाफ शिकायत करते हुए एसई बीएल वर्मा से उसे वहां से हटाकर अन्य जेईएन को लगाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि जब भी जेईएन मीणा से बिजली समस्या को लेकर बात की जाती है तो वे संतोषजनक जवाब नहीं देते और अभद्रता से पेश आते हैं। ग्रामीणों की शिकायत पर एसई ने जेईएन के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं ग्रामीणों ने बताया कि जेईएन की पूर्व में भी अधिकारियों से शिकायत की गई है। लेकिन आज तक किसी ने इस ओर कोई कार्रवाई नहीं की।