अवैध बजरी खनन के लिए प्रशासन ने गठित की टीमें
धौलपुर| जिले में होने वाले बजरी के अवैध खनन सहित परिवहन व भंडारण को रोकने के लिए एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम का गठन किया गया है। इस संबंध में जयपुर हाईकोर्ट ने एक याचिका पर 3 मई को निर्णय पारित करते हुए जिला प्रशासन को टीम गठित करने के आदेश दिए थे। टीम को निर्देश दिए गए हैं कि वे तत्काल अपने अपने क्षेत्रों में बजरी के अवैध रूप से उपयोग, खनन, निर्गमन एवं भंडारण के प्रत्येक स्थानों पर रेड करे तथा अवैध रूप से उपयोग में लेने वाले बिल्डर्स पर शास्ति आरोपित करें। इस संबंध में की जाने वाली कार्रवाई की साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट खनिज अभियंता धौलपुर द्वारा एकत्रित की जाकर प्रत्येक शुक्रवार को व्यक्तिगत रूप से कलेक्टर कार्यालय में भेजी जाए। इसके तहत सैंपऊ उपखंड में उपखंड मजिस्ट्रेट सैंपऊ, वृत्ताधिकारी पुलिस सैंपऊ, सहायक खनिज अभियंता धौलपुर तथा जिला परिवहन अधिकारी द्वारा नियुक्त अधिकारी टीम में शामिल होंगे। इसी तरह धौलपुर में उपखंड मजिस्ट्रेट, वृत्ताधिकारी पुलिस, डीटीओ को भी टीम में शामिल किया है।