बाइक को बचाने के चक्कर में स्कार्पियो पलटी, दो की मौत
औंडेला रोड बाईपास पर मंगलवार की शाम लगभग 6 बजे बाइक सवार को बचाने के चक्कर स्कार्पियो पलट गई। इससे उसमें सवार 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 5 लोग घायल हैं। घायलों में 3 बच्चे भी शामिल हैं। घटनाक्रम के अनुसार उम्मेदी नगर से रजौराकला जन्मदिवस समारोह में भाग लेने के लिए शाला चंगौरी हाल निवासी उम्मेदी नगर के मनोज पुत्र रामबाबू 40 वर्ष, राधा प|ी मनोज, आशु पुत्र मनोज 15 वर्ष, नेहा पुत्री मनोज 14 वर्ष, मोहित पुत्र राकेश 15 वर्ष, बिज्जो 70 वर्ष तथा गुड्डीदेवी प|ी राकेशकुमार स्कार्पियो से राजौराकला किसी परिचित के घर आयोजित जन्मदिवस समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। अभी उनकी गाड़ी औंडेला रोड बाईपास से गुजर ही रही थी कि सामने से आ रही एक बाइक को बचाने के चक्कर में गाड़ी अनियंत्रित हो गई और वह लगभग 5-6 पलटी खाते हुए सड़क से दूर जा गिरी। इस घटना में मनोज व गुड्डीदेवी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि राधा आशु, नेहा, मोहित व बिज्जो घायल हो गए। वहां मौके पर मौजूद लोगों ने एंबुलेंस को फोन किया। एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां उनका उपचार शुरू किया गया। वहीं दो घायलों को रैफर कर दिया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
औंडेला रोड बाइपास पर दुर्घटना के समय वहां से गुजर रहे लोगों ने बताया कि गाड़ी काफी तेज गति से जा रही थी। जैसे ही गाड़ी पलटी खाते हुए खाई की ओर गई वैसे ही उसके दो गेट खुल गए।
पेशे से ट्रांसपोर्टर मृतक मनोज धौलपुर में स्थित बलराम विहार कॉलौनी में नया मकान बनवा रहा था। निर्माणाधीन मकान का लगभग सारा काम पूरा हो चुका है। नए मकान को लेकर मनोज काफी उत्साहित था।