पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • शराब के नशे में हुई थी बहस, रिश्तेदारों ने ही युवक की हत्या कर शव जंगल में फेंका

शराब के नशे में हुई थी बहस, रिश्तेदारों ने ही युवक की हत्या कर शव जंगल में फेंका

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
22 अप्रैल को हुई थी युवक की मौत, निहालगंज पुलिस ने किया खुलासा

गिरफ्तार दोनों आरोपी रिश्तेदारों ने कबूला जुर्म

धौलपुर|शहर से 22 अप्रैल को गुमशुदा एक व्यक्ति की उसके ही दो रिश्तेदारों ने निर्ममता से हत्या कर दी थी। हत्या के बाद उसके शव को भरतपुर जिले की सीमा में फेंक दिया। जहां उसके शरीर को जानवरों ने खा लिया था। पुलिस को मौके से सिर की खोपड़ी तथा शरीर के कुछ हिस्सों की हड्डियां ही मिली। इस मामले में निहालगंज थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीओ सिटी सतीश यादव ने बताया कि आनंद नगर निवासी संतोष ने 2 मई को निहालगंज थाने पहुंचकर अपने पति संजू पुत्र मंगला के गुम हो जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई। एसपी राजेशसिंह के निर्देश पर सीओ सिटी यादव ने निहालगंज थाना प्रभारी अबजीत कुमार, उपनिरीक्षक लाखनसिंह के नेतृत्व में दो टीमें बनाकर संजू की खोजबीन शुरू की। इस दौरान पुलिस को कुछ सूत्र हाथ लगे और उनके आधार पर संजू के रिश्तेदार दीवान सिंह पुत्र सुंदर निवासी कौलारी तथा सुनील उर्फ राज पुत्र पूरनसिंह निवासी पालका थाना सीकरी जिला भरतपुर हाल निवासी गांव पडौरी लद्दासिंह थाना मीटीयाना होशियारपुर पंजाब पर शक हुआ। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने संजू की हत्या डंडों से पीट-पीटकर करना स्वीकार किया। हालांकि अब तक आरोपियों ने यह नहीं बताया कि उन्होंने हत्या क्यों की। जांच टीम में सहायक उपनिरीक्षक शिवशंकर त्यागी, हेड कांस्टेबल जयदेव, कांस्टेबल जीतेंद्र कुमार, बीरबल, मिंतीराम, ओमवीर सिंह व सतीश शामिल थे।

हत्या के दोनों आरोपी रिश्ते में जीजा-साला

संजू की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार दीवानसिंह व सुनील का आपस में जीजा-साले का रिश्ता है। वहीं संजू आरोपी दीवान का रिश्तेदारी में ममेरा भाई लगता है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने संजू की हत्या करने से पहले सैंपऊ में शराब पी। इसके बाद वहां से रवाना हो गए। रास्ते में किसी जगह रुककर फिर से शराब का सेवन किया था। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि शराब के नशे में बहस हो जाने पर उन्होंने उसकी डंडों से पीट-पीटकर हत्या की थी और फिर उसके शव को जंगल में फेंककर फरार हो गए थे।

खबरें और भी हैं...