अहमदाबाद-आगरा फोर्ट एक्सप्रेस ट्रेन को ग्वालियर तक विस्तार करने की स्वीकृति रेल मंत्रालय ने दे दी है। जिसके आदेश भी निकाले जा चुके हैं।
अहमदाबाद-आगरा फोर्ट एक्सप्रेस ट्रेन का धौलपुर में वाणिज्य ठहराव भी किया गया है। उत्तर मध्य रेलवे इलाहाबाद क्षेत्रीय रेल उपयोग कर्ता सलाहाकार समिति के पूर्व सदस्य अरविंद बंसल ने बताया कि रेल मंत्रालय ने अहमदाबाद-आगरा फोर्ट एक्सप्रेस को अभी सप्ताह में तीन दिन ट्रायल के रूप में चलाया जाएगा। इसके बाद ट्रेन को नियमित किया जाएगा। ट्रेन का धौलपुर स्टापेज स्वीकृत किया गया है। ऐसे में यहां से यात्री इस ट्रेन में सफर करने के लिए टिकट भी खरीद सकते हैं। अरविंद बंसल ने बताया कि अहमदाबाद-आगरा फोर्ट एक्सप्रेस ट्रेन के शुरू होने से धौलपुर के लिए अहमदाबाद जाने की एकमात्र सीधी ट्रेन जिले के लोगों को मिल सकेगी। वहीं जयपुर और अजमेर जाने के लिए यह दूसरी ट्रेन होगी।
अरविंद बंसल ने बताया कि हालांकि ट्रेन के ग्वालियर तक चलने की अभी तारीख तय नहीं हुई है, लेकिन रेलवे जल्द ही इसकी समय सारणी भी जारी कर देगी।
सुविधा
रेल मंत्रालय ने दी स्वीकृति, लेकिन तारीख अभी तय नहीं, जल्द ही शुरू होगा ट्रायल, धौलपुर में होगा वाणिज्य ठहराव
जिले के लोग लंबे समय से कर रहे थे मांग
धौलपुर जिले के लोग लंबे समय से इस ट्रेन के ठहराव की मांग कर रहे थे। इसके लिए कई लोगों ने सांसद से गुहार लगाई और कई लोगों ने रेलवे बोर्ड को पत्र भी लिखा। यही नहीं क्षेत्रीय रेल उपयोग कर्ता सलाहाकार समिति के पूर्व सदस्य ने ट्रेन को धौलपुर से शुरू करने की कई बार मांग भी कर चुके हैं। लोगों की बढ़ी मांग को लेकर रेल मंत्रालय ने अहमदाबाद-आगरा फोर्ट एक्सप्रेस का ग्वालियर तक तीन दिन के लिए विस्तार किया है।