खींवसर विधायक हनुमान बेनीवाल ने कहा कि प्रदेश में इस सामंतवादी सरकार का अंत अब निश्चित है और आने वाले दिनों में जयपुर में एक महारैली का आयोजन होगा, जिसमें सरकार विरोधी सभी दलों को शामिल किया जाएगा और तीसरा मोर्चा इतना शक्तिशाली होगा कि राजस्थान में उसके बगैर सरकार किसी भी दल की नहीं बनेगी। आगामी चुनावों के बाद इस बार प्रदेश में तीसरा मोर्चा ही सरकार बनाएगा। लोगों की इसमें जो शंकाएं है वो भी दूर हो जाएगी। विधायक हनुमान बेनीवाल ने गुरुवार को सीकर जाते समय डीडवाना में अल्प प्रवास के दौरान कहा कि कर्नाटक में जिस प्रकार लोकतंत्र का गला घोंटा गया है, यह सही नहीं हैं। राजस्थान के जवान मेरे साथ हैं, राजस्थान का इतिहास भी बदलेगा। सीकर में आयोजित रैली में राजस्थान की राजनीति का भविष्य तय होने वाला हैं। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की जन विरोधी नीतियों को जनता के बीच लाया जाएगा। हमारी सरकार बनते ही लोकपाल का गठन कर राजस्थान में इस शासन काल में जितने घोटाले हुए है, उनकी जांच कराई जाएगी। राजस्थान के इतिहास में इस सरकार में जितना भ्रष्टाचार हुआ है, वह कभी नहीं हुआ हैं। यह सरकार भू-माफियाओं को सरंक्षण देती है और गरीब का गला घोंटती हैं, इस सरकार के घोटालों में डीडवाना के विधायक और सरकार के मंत्री यूनुस खान का सबसे बड़ा हाथ हैं। मगर अब जनता इसका जवाब आने वाले चुनाव में देगी। इस दौरान बड़ी संख्या में वाहनों के काफिलों में बेनीवाल समर्थक साथ थे।