सीवरेज चैंबर से बाहर आई गंदगी, बढ़ी परेशानी
शहर में सीवरेज योजना में दिन-प्रतिदिन अनियमितताएं सामने आ रही है। शहर में अनेक जगह सीवरेज की लापरवाही से सीवरेज के चैंबर ओवरफ्लो हो रहे है और पालिका की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। बारिश के शुरू होते ही जगह-जगह सीवरेज के चैंबर से मलबा बाहर आ रहा है।
नागौरी गेट डीडवाना के मुख्य बाजार का हृदय स्थल है। जहां से आम आदमी रोजाना निकलता है। नागौरी गेट के बाहर ही एक गणेशजी का मंदिर भी स्थित है और इस मंदिर के सामने गत 5 दिनों से सीवरेज का क्षतिग्रस्त चैंबर ओवरफ्लो हो रहा है। सीवरेज चैंबर से मलबा बाहर आ जाता है एवं भयंकर बदबू इस मार्ग में फैल रही है। हालांकि बुधवार को पालिका व सीवरेज के कार्मिकों ने चैंबर खाली भी करवाया। मगर कुछ समय बाद ही चैंबर पुन: भर गया और मलबा बाहर आ गया।
पालिका प्रतिपक्ष नेता उम्मेद हसन पठान, पार्षद गजेंद्र गांधी, राजेंद्र गौड़, रामनिवास शर्मा, सलीम खां पठान, पूर्व पालिका अध्यक्ष हीरालाल सोलंकी सहित अनेक लोगों ने आपत्ति भी दर्ज करवाई एवं समाधान की मांग भी की। पालिका ईओ ने डिस्कॉम अधिकारियों से आग्रह किया कि हाल ही में बिछाई जा रही भूमिगत बिजली लाइन की इस स्थान पर पुन: जांच करे। अगर सीवरेज की लाइन में विभाग की लाइन नहीं निकली है तो संपूर्ण खर्चा पालिका देगी और बिछाई हुई है तो डिस्कॉम इसे दुरूस्त करे।
इस पर विभाग के अधिकारियों द्वारा आश्वासन दिया गया कि निश्चित रूप से जांच करवाकर दुरुस्ती की कार्रवाई की जाएगी। इसी प्रकार छापरी गेट के बाहर भी शुक्रवार को ऐसे ही हालात देखने को मिले। जिसमें एक जगह आम रास्ते पर सीवरेज का चैंबर ओवरफ्लो हो गया। वहीं इसी मार्ग पर दूसरी जगह सीवरेज की लाइन टूटी हुई है। गंदा पानी सड़क पर फैला हुआ है।
इन लापरवाहियों से साफ है कि डीडवाना के विभागीय कार्यालयों में आपसी तालमेल का अभाव है। पालिका, पीडब्ल्यूडी अधिकारी सड़कें बनवाते है तो जलदाय, सीवरेज, डिस्कॉम व बीएसएनएल विभाग पुन: तोड़ देते है और यह सब आपस में तालमेल नहीं होने की वजह से हो रहा है। जबकि इसका खामियाजा नगर की जनता भुगत रही है।
सीवरेज चैंबर से बाहर निकली गंदगी के बीच से निकलते वाहन चालक।