क्षेत्र के निवर्तमान डीटीओ रमेश वैष्णव को बहाल किए जाने की मांग को लेकर परिवहन कार्यालय के पास कार्यरत यातायात सलाहकारों ने अपनी-अपनी दुकानें बंद कर परिवहन मंत्री यूनुस खान के नाम एक ज्ञापन एडीएम को दिया। ज्ञापन में बताया कि डीडवाना के निवर्तमान डीटीओ रमेश वैष्णव को हाल ही में परिवहन विभाग द्वारा निलंबित किया गया हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। विभाग के अधिकारियों ने वीसी के दौरान वैष्णव को वाहन डीलरों को पंजीयन अधिकार दिए जाने का दोषी माना हैं जबकि वास्तविकता यह है कि उक्त कार्य तकनीकी एवं इंटरनेट की समस्या के कारण पूरा नहीं हो पाया और इसे आधार बनाकर विभाग के कमिश्नर शैलेंद्र अग्रवाल ने उन्हें निलंबित कर दिया। जबकि यह तकनीकी कमी डीडवाना परिवहन अधिकारी की ही नहीं, बल्कि अन्य क्षेत्रों से भी ऐसी कमी पाई गई। मगर अधिकारियों ने द्वेषतापूर्ण कार्रवाई कर उन्हें निलंबित किया है, जो न्याय संगत नहीं है। उन्होंने कहा कि, अगर डीटीओ रमेश कुमार वैष्णव को पुन: बहाल नहीं किया गया तो वे सामूहिक रूप से कार्य का बहिष्कार कर धरना प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान गुलाम आजाद, मनोज, तिलोक मेहरा, युसुफ, ओंकार सिंह, मनोज, गोविंद, विक्रम सहित अनेक लोग उपस्थित थे।