सीवरेज गड़बड़ी को लेकर डीडवाना एसडीएम ने लिया जायजा
शहर में जगह-जगह सीवरेज चेंबर ओवर फ्लो होने की परेशानी व विभाग की लापरवाही से आमजन को हो रही दिक्कतों को लेकर दैनिक भास्कर में प्रकाशित समाचार को संभागीय आयुक्त द्वारा गंभीरता से लेने के बाद अब स्थानीय अधिकारी हरकत में आए है। संभागीय आयुक्त के निर्देशों की पालना में एसडीएम उत्तम सिंह शेखावत ने पालिका व डिस्कॉम अधिकारियों के साथ नगर के विभिन्न इलाकों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। एसडीएम शेखावत सोमवार दोपहर 3.30 बजे नागौरी गेट पहुंचे। जहां पिछले कई दिनों से सीवरेज चेंबर से मलबा ओवर फ्लो होकर सड़क पर फैल रहा था। हालांकि रविवार को कार्रवाई की जा चुकी थी। मलबा भी हटा दिया गया। पूरी लाइन को साफ करवाकर दुरूस्त किया गया। इसी प्रकार छापरी गेट के बाहर भी लापरवाही से जो मलबा चेंबर से बाहर आ रहा था उसे साफ करवाकर अंदर में जो भी कचरा फंसा हुआ था, उसे निकाला गया। इस दौरान पालिका ईओ डॉ. सहदेव चारण, डिस्कॉम एक्सईएन आरबी मीणा, जेईएन राकेश बंजारा, पालिका निरीक्षक सत्तार खां आदि भी साथ थे। एसडीएम ने नागौरी गेट से लेकर चौखंडिया भैरूंजी तक बाजार का निरीक्षण कर बाजार में व्यापारियों द्वारा जो अनधिकृत रूप से दुकानों के बाहर रखे गए सामानों को हटाने के निर्देश दिए। बीच बाजार में जिन लोगों ने ठेले खड़े कर रखे थे, उन्हें भी हटवाया। वहीं कलेक्टर कुमारपाल गौतम भी मंगलवार को डीडवाना के दौर पर रहेंगे व शहर में कई जगह निरीक्षण करेंगे।