वालीबॉल में कथलौर ने गोपी स्पोर्ट्स क्लब को हराया
दयानंद मठ दीनानगर की ओर से आर्य जगत के प्रसिद्ध वीतराग सन्यासी स्वामी सर्वानंद सरस्वती के 118 वें जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में उनकी याद में 9 वां वार्षिक वालीबॉल टूर्नामेंट करवाया गया। इस टूर्नामेंट में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची 16 टीमों ने भाग लिया।
टूर्नामेंट के फाइनल में वालीबॉल स्पोर्ट्स क्लब कथलैर ने गोपी स्पोर्ट्स क्लब को पराजित कर विजेता ट्राफी पर कब्जा किया। इससे पहले खेले गए सेमिफाइनल मैचों में गोपी स्पोर्ट्स क्लब ने वालीबॉल क्लब पनियाड़ और वॉलीबाल क्लब कथलौर ने बयानपुर को हरा कर फाइनल में प्रवेश किया। पनियाड़ की टीम तीसरे और बयानपुर की टीम चौथे स्थान पर रही। एसएसएम काॅलेज के प्रिंसिपल डॉ. आरके तुली की अध्यक्षता में आयोजित समापन कार्यक्रम में दयानंद मठ के अध्यक्ष स्वामी सदानंद बतौर मुख्यातिथि शामिल हुए। जबकि एसएसजीआई के सचिव दिनेश शास्त्री और टूर्नामेंट कमेटी के जनरल मैनेजर डॉ. मुखविंदर सिंह रंधावा विशेष मेहमान थे। विजेता टीम को 15 हजार रुपए नकद और ट्राफी देकर पुरस्कृत किया गया। जबकि उपविजेता टीम को 10 हजार रुपए नकद और रनरअप ट्रॉफी दी गई।
गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी के वॉलीबाल कोच जगदीप सिंह, कबड्डी कोच लखवीर सिंह, साइकिलिंग कोच राजेश कुमार को विशेष तौर पर सम्मानित किया गया। इस मौके पर स्वामी वसुधानंद उड़ीसा, स्वामी जीवानंद, वेद प्रकाश, डॉ. सोम देव, शिवानंद, स्वामी यजानंद, विश्वानंद, बलविंदर शास्त्री, हरदीप राज, संदीप, अश्विनी आदि मौजूद थे।
विजेता टीम को पुरस्कृत करते मुख्यातिथि स्वामी सदानंद व अन्य।