दीनानगर | दीनानगर के गांव खुदादपुर के सीआरपीएफ जवान शहीद मनदीप कुमार देश की एकता एवं अखंडता के लिए आतंकवादियों से लौहा लेते शहीद हो गए थे। 11 मई की रात को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के चिनार गांव में आतंकियों के छिपे होने की जानकारी मिलने पर सेना, सीआरपीएफ और स्टेट पुलिस पर आधारित एसओजी टीम को वहां भेजा गया। टीम को लीड करने वालों में मनदीप कुमार भी शामिल थे। जब एक घर में छिपे बैठे आतंकवादियों की तरफ टीम ने बढ़ना शुरू किया, तो सामना होते हुए आतंकियों ने एकाएक फायरिंग शुरू कर दी। इसमें मनदीप कुमार शहादत का जाम पीकर हमेशा के लिए भारत माता की गोद में सो गए। शहीद सैनिक परिवार सुरक्षा परिषद के महासचिव कुंवर रविंदर सिंह विक्की ने बताया कि इस जांबाज सैनिक की अंतिम अरदास व श्रद्धांजलि समारोह 21 मई को इनके पैतृक गांव खुदादपुर में आयोजित किया जाएगा, जिसमें सैन्य व सिविल अधिकारियों समेत गणमान्य श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।
उन्होंने कहा कि शहीद मनदीप कुमार अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। माता-पिता ने मदर्स डे पर बेटे का रिश्ता पक्का करने जाना था। लेकिन उसी दिन इकलौते बेटे का पार्थिव शरीर घर पहुंचा और बेटे का घर बसाने के सपने संजोए माता पिता का जीवन ही सूना हो गया।
मनदीप कुमार