पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • आंगनबाड़ी वर्कर्स ने दूसरे दिन थालियां खड़का कर अरुणा चौधरी के घर के बाहर किया प्रदर्शन

आंगनबाड़ी वर्कर्स ने दूसरे दिन थालियां खड़का कर अरुणा चौधरी के घर के बाहर किया प्रदर्शन

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
आल पंजाब आंगनबाड़ी मुलाजिम यूनियन की ओर से अपनी मांगों को लेकर बहरामपुर रोड पर सामाजिक सुरक्षा, स्त्री व बाल विकास मंत्री अरुणा चौधरी के निवास के बाहर शुरू की गई भूख हड़ताल के दूसरे दिन मंगलवार को थालियां खड़का कर प्रदर्शन किया गया। मांगों को लेकर 19 मई तक रोजाना चलने वाली इस भूख हड़ताल के दूसरे दिन बटाला ब्लॉक प्रधान अरमिंदर कौर बटाला और सुजानपुर ब्लॉक गुरमीत कौर सुजानपुर के खून से मंत्री को लिखा पत्र नायब तहसीलदार को सौंपा गया। यूनियन की प्रदेश सीनियर उपप्रधान जसबीर कौर दसुआ ने कहा कि यदि 19 मई तक सरकार ने हमारी मांगों को स्वीकार नहीं किया तो इस हड़ताल को दिन रात आगे जारी रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि बुधवार को यूनियन की सूबा प्रधान हरगोबिंद कौर की अगुवाई में भूख हड़ताल पर बैठीं सभी वर्कर्स व वालंटियर्स अपना खून निकाल कैबिनेट मंत्री अरुणा चौधरी को दान करेंगी। जिला गुरदासपुर प्रधान कुलमीत कौर और जिला पठानकोट प्रधान संगीता शर्मा ने हरियाणा पेटर्न अनुसार मान भत्ता देना, 3 से 6 साल के बच्चों को वापस आंगनबाड़ी सेंटरों को सौंपना और एनजीओ ब्लॉक वापस लौटाने की मांग करते हुए इस बात पर कड़ा रोष जताया कि पंजाब सरकार उनकी कोई सुनवाई नहीं कर रही और रोष प्रदर्शन करने पर आंगनवाड़ी वर्कर्स व वालंटियर्स को थानों में बंद किया जा रहा है। इस मौके पर ब्लॉक प्रधान जसबीर कौर डेरा बाबा नानक, सर्बजीत कौर श्री हरगोबिंदपुर, बलविंदर कौर कादियां, दविंदर कौर काहनूवान, सुमन पठानकोट, बलविंदर, सर्बजीत, हरजीत कौर भी मौजूद थीं।

कैबिनेट मंत्री के निवास के बाहर भूख हड़ताल पर बैठीं आंगनबाड़ी वर्कर व वालंटियर्स थालियां खड़का कर प्रदर्शन करतीं।

आज खून निकाल कर देंगी

यूनियन की पंजाब प्रदेश प्रधान हरगोबिंद कौर भी बुधवार को भूख हड़ताल में शामिल होंगी और सभी आंगनबाड़ी वर्कर्स व वालंटियर्स का खून निकाल अरुणा चौधरी को सौंपा जाएगा। जबकि कैबिनेट मंत्री अरुणा चौधरी अपने निवास पर मौजूद नहीं हैं। वह कैबिनेट मंत्री पदोन्नत होने पर दीनानगर में रैली करने के बाद विदेश अपने बेटे के पास चलीं गईं थी और वहां से वापस लौटने के बाद अभी तक दीनानगर नहीं आई हैं।

खबरें और भी हैं...