दीनानगर | सिद्धपुर गांव में पहले घर में घुस कर मारपीट करने पर जख्मी हुए व्यक्ति को अस्पताल जाते समय दोबारा रास्ते में रोक हथियारों से हमला करने के मामले में दीनानगर पुलिस ने 11 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। एसएचओ कुलविंदर सिंह ने बताया कि गांव सिद्धपुर वासी कुलवंत सिंह ने पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसके गांव के ही सुखविंदर सिंह और सतवंत सिंह बीती 14 मई को धुस्सी बांध की तरफ से कार पर आ रहे थे तो उन्होंने कार का उसकी तरफ कट मार दिया। जब उसने ऐसा करने पर एतराज जताया तो वह गाली गलौच करते हुए हाथापाई पर उतर आए। वह जान बचाने के लिए दौड़ कर अपने घर के अंदर चला गया। लेकिन आरोपियों ने घर में घुस कर उससे मारपीट करते हुए जख्मी कर दिया और घर के सामान की तोड़फोड़ भी की। शाम को करीब साढ़े सात बजे जब उसका बेटा गाड़ी में अस्पताल लेकर जा रहा था तो आरोपियों ने अपने अन्य साथियों से मिल कर रास्ते में उनकी गाड़ी को रोक हथियारों से फिर हमला कर दिया। मामले में गांव सिद्धपुर के सतवंत सिंह, सुखविंदर सिंह, बंटी, सुखदीप सिंह, यशपाल सिंह, शेरा, वीरू राम, उजागर सिंह, हरबंस सिंह, गांव मसानिया के सोन और गांव झरौली के गौरव के खिलाफ आईपीसी की धारा 452, 323, 341, 427, 506, 148, 149 के तहत केस दर्ज किया गया है। सभी आरोपी अभी तक फरार बताए गए हैं।