- Hindi News
- National
- पहले खून से पत्र लिखा था, अब 100 एमएल खून निकलवा 50 आंगनबाड़ी वर्करों ने सरकार को भेजा
पहले खून से पत्र लिखा था, अब 100 एमएल खून निकलवा 50 आंगनबाड़ी वर्करों ने सरकार को भेजा
ऑल पंजाब आंगनबाड़ी मुलाजिम यूनियन की ओर से अपनी मांगों को लेकर बहरामपुर रोड पर सामाजिक सुरक्षा, स्त्री व बाल विकास मंत्री अरुणा चौधरी के निवास के बाहर शुरू की गई भूख हड़ताल के तीसरे दिन सूबा प्रधान हरगोबिंद कौर के नेतृत्व में थालियां खड़काकर जोरदार प्रदर्शन जारी रखा गया और 50 आंगनबाड़ी वर्करों ने अपना खून निकलवाकर बोतल में भरकर कैबिनेट मंत्री तक पहुंचाने के लिए नायब तहसीलदार महिंदर पाल को सौंपा। इसके साथ खून से लिखा पत्र भी दिया गया। खून निकालने के लिए विशेष तौर लैब टेक्नीशियन को बुलाया गया था। पिछले दो दिनों के दौरान आंगनबाड़ी वर्कर अपने खून से पत्र लिखकर सरकार के नाम भिजवा चुकी हैं। इस मौके पर प्रदेश सीनियर उपप्रधान जसबीर कौर दसूहा, जिला गुरदासपुर प्रधान कुलमीत कौर, जिला पठानकोट प्रधान संगीता शर्मा, ब्लाक प्रधान जसबीर कौर डेरा बाबा नानक, सर्बजीत कौर श्री हरगोबिंदपुर, बलविंदर कौर कादियां, दविंदर कौर काहनूवान, अरमिंदर कौर बटाला, गुरमीत कौर सुजानपुर, सुमन पठानकोट, बलविंदर, सर्बजीत, हरजीत कौर भी मौजूद थीं।
19 मई तक रोज भूख हड़ताल | 20 से शाहकोट में वोटरों के घर-घर जाकर सरकार के खिलाफ प्रचार
लैब टेक्नीशियन से खून निकलवातीं आंगनबाड़ी वर्कर्स। (दाएं) थालियां खड़काकर प्रदर्शन करती भूख हड़ताल पर बैठीं आंगनबाड़ी वर्कर व वालंटियर्स।
ऑल पंजाब आंगनबाड़ी मुलाजिम यूनियन की सूबा प्रधान हरगोबिंद कौर ने ऐलान किया कि 19 मई तक रोजाना चलने वाली इस भूख हड़ताल के बावजूद यदि सरकार ने उनकी मांगों को स्वीकार न किया तो 20 मई से शाहकोट हलके में घर-घर जाकर पंजाब सरकारी के खिलाफ वोटरों को लामबंद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा पैटर्न पर मान भत्ता देना, 3 से 6 साल के बच्चों को वापस आंगनबाड़ी सेंटरों को सौंपना और एनजीओ ब्लॉक वापस लौटाने की मांगों को पूरा करने के लिए पंजाब सरकार कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रही जिस कारण मजबूर होकर आंगनबाड़ी वर्करों व वालंटियर्स को अपने खून से इंसाफ की लड़ाई लड़नी पड़ रही है।
खून से लिखा पत्र भी सौंपा, नायब तहसीलदार ने एसडीएम को भिजवाया
ब्लॉक प्रधान अरमिंदर कौर बटाला और सुजानपुर ब्लॉक गुरमीत कौर के खून से मंत्री को लिखा पत्र भी नायब तहसीलदार महिंदर पाल को सौंपा गया। वहीं, नायब तहसीलदार महिंदर पाल ने बताया कि आंगनबाड़ी वर्करों का बोतल में भरा खून एसडीएम सकत्तर सिंह बल को आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया है।