नाली की नहीं हो रही सफाई, गंदा पानी बहने से बीमारी फैलने का खतरा बढ़ा
भास्कर संवाददाता| गेवरा-दीपका
नगर पालिका दीपका के वार्ड क्रमांक 1 व 4 में सफाई व्यवस्था ठप है। नालियों की सफाई नहीं होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गंदा पानी बहने से मवेशी बीमार पड़ रहे हैं। बारिश के समय गंदा पानी घरों में घुस जाता है। इसकी वजह से कई तरह की बीमारियों का डर बना रहता है। लोगों ने पुन: आवेदन देकर सफाई व्यवस्था सुधारने की मांग की है।
पार्षद रामकुमार कंवर का कहना है कि नालियां टूट रही है। इसकी मरम्मत भी नहीं कराई जा रही है। कई बार यहां के व्यवसायियों व नागरिकों ने लिखित व मौखिक में आवेदन दे चुके हैं। स्वच्छता अभियान में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था। इसके बाद भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है। नाली में घरों का गंदा पानी बहता है। इसकी सफाई नियमित नहीं होती। लोगों ने बताया कि सबसे अधिक समस्या बारिश में ही होती है। मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। इसकी वजह से बच्चे कई बीमारियों से पीड़ित हैं। वार्ड के जगदीश गोस्वामी, दिनेश कुमार पटेल, धनंजय श्रीवास, बीआर राठौर, पवन सलूजा, सोनू सिंह, कल्पना सलूजा, राकेश कुमार अग्रवाल ने भी सफाई व्यवस्था सुधारने की मांग की है।
क्षेत्रवासियों ने सीएमओ को फिर से सौंपा ज्ञापन
नगर की सफाई व्ययवस्था औसत: तिवारी
पार्षद अरूणीश तिवारी का कहना है कि नगर की सफाई व्यवस्था औसत है। इसमें और सुधार की जरूरत है। कचरे का उठाव व नालियों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण यह समस्या आ रही है। नगर पालिका प्रशासन को इस ओर ध्यान देना चाहिए। एक ओर स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। दूसरी ओर सफाई में पिछड़ते जा रहे हैं।
काॅलोनी की सफाई एसईसीएल के जिम्मे
एसईसीएल कालोनियों की सफाई का जिम्मा एसईसीएल प्रबंधन के पास है। इसके बाद भी नगर पालिका प्रशासन व्यवस्था में सुधार नहीं कर पा रहा है। इस क्षेत्र में कई तरह की बीमारियों का प्रकोप सामने आ चुका है। कोयले का प्रदूषण झेल रहे नागरिकों को सफाई व्यवस्था के लिए भी तरसना पड़ रहा है।