दनियावां में दुकानदार के 60 हजार रुपए लेकर भाग रहे दो शातिर धराए
दनियावां पुलिस ने गश्ती के दौरान दो शातिरों को एक दुकानदार से हेरा-फेरी कर भागने के क्रम में धर दबोचा। गिरफ्तार दोनों शातिरों के पास से तलाशी के दौरान 60 हजार रुपए भी बरामद किए गए। गिरफ्तार दोनों शातिर बख्तियारपुर के निवासी बताए जा रहे हैं।
उनसे पुलिस पूछताछ कर रही है। जानकारी के अनुसार, दनियावां बाजार में मछली विक्रेता विमल केवट की दुकान में दोनों जालसाज पहुंचे और नोट को खुदरा कराने के बहाने दुकानदार के 60 हजार रुपए लेकर भागने लगे। पीड़ित दुकानदार ने तत्काल इस बात की सूचना दनियावांं पुलिस को दी। सूचना पाते ही मौके पर पहुंचे गश्ती दल ने मामले की तहकीकात करते हुए दनियावां बाजार से भागने की फिराक में रहे दोनों जालसाजों को गिरफ्तार कर लिया। इस संदर्भ में थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार दोनों जालसाज बख्तियारपुर निवासी गुड्डू पांडेय एवं गोलू पांडेय हैं, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
रेल यात्रियों से लूटपाट करनेवाले चार गिरफ्तार
बख्तियारपुर | रेल पुलिस ने रेलयात्रियों से लूटपाट मामले में चार युवकों को गिरफ्तार किया है। वहीं पकड़े गए युवकों के पास से यात्रियों से लूटे गए चार मोबाइल भी बरामद किए गए हैं। विदित हो कि चार अप्रैल की रात दानापुर से राजगीर जा रही पैसेंजर ट्रेन में अपराधियों ने बख्तियारपुर एवं हरनौत स्टेशन के बीच यात्रियों से लूटपाट की थी। रेल एसपी अशोक कुमार सिंह के अनुसार, पकड़े गए युवकों में सज्जन कुमार गुप्ता, प्रेम कुमार, सूरज कुमार एवं गोलू कुमार को पकड़ा गया है। पकड़े गए युवकों से रेल पुलिस पूछताछ में जुटी है।