नावाडीह में दूसरे दिन भी धारा 144 53 नामजद व 500 अज्ञात पर केस
थाना क्षेत्र के नावाडीह में मंगलवार को शादी पार्टी में प्रतिबंधित मांस परोसने के शक पर दो समुदायों के बीच उत्पन्न तनाव और तोड़फोड़ की घटना के बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है। घटना के दूसरे दिन भी नावाडीह में धारा 144 लागू लगा रही। माइक के जरिए लोगों से समूह में नहीं घूमने , अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई। एसडीआे प्रभात कुमार बरदियार, एसडीपीओ अनिल शंकर, पुलिस अंचल निरीक्षक रामाकांत तिवारी सहित कई आलाधिकारी नावाडीह में दिनभर कैंप करते रहे।
पुलिस कप्तान शिवानी तिवारी भी नावाडीह पहुंचकर स्थिति का जायजा लेते हुए एहतियात बरतने के निर्देश दिए। बुधवार को भी पूरा गांव पुलिस छावनी में तब्दील रहा। दूसरी ओर डोमचांच टैक्सी स्टैंड में एक समुदाय के लोगों द्वारा मोबाइल पर आपत्तिजनक बातचीत किए जाने को लेकर हुई मारपीट से तनाव उत्पन्न हो गया। जिसके बाद एक समुदाय के लोगों ने अपने-अपने दुकान के शटर बंद कर भाग निकले। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे बीडीओ नारायण राम, थाना प्रभारी विनोद कुमार, एसआई शंभुनाथ मिश्रा ने युवकों को खदेड़ कर मामले को शांत कराया। वहीं थाना प्रभारी के नेतृत्व में जवानों ने बाजार में फ्लैग मार्च कर लोगों से अफवाह में न आने व शांतिपूर्ण व अमनचैन बहाल करने की अपील की गई। उल्लेखनीय है कि सोमवार की देर रात जुमन मियां के आवास पर बेटे की शादी को लेकर आयोजित वलीमा पार्टी में बीफ परोसे जाने की अफवाह पर मंगलवार की सुबह दो समुदाय के बीच हुई हिंसक झड़प में तनाव उत्पन्न हो गया था।
स्थिति पर प्रशासन रख रहा है नजर : एसडीओ
एसडीओ प्रभात कुमार बरदियार ने बताया की नावाडीह की स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है। लोग अपने दैनिक कार्यों के लिए घरों से निकल रहे है। प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
जवानों ने फ्लैग मार्च कर लोगों से अफवाह में ध्यान नहीं देने और अमनचैन बहाल करने की अपील की
घटना की जांच के लिए एसआईटी गठित हो
कोडरमा | राज्य सरकार असामाजिक तत्वों पर लगाम लगाने में असमर्थ साबित हुई है। यह बात झाविमो सुप्रीमो सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने बुधवार को कोडरमा परिसदन में पत्रकारों से बात करते हुए कही। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के विरोध में जनता गोलबंद हो रही है। जिसको विफल करने और लोगों का ध्यान हटाने के लिए भाजपा नफरत फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की जनाधार जहां घट रही है वहां आपसी सौहार्द सुनियोजित तरीके से बिगाड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि नावाडीह के मामले में प्रथम दृष्टया यह घटना सुनियोजित साजिश के तहत अंजाम दिया गया है। उन्होंने कहा कि एसआईटी जांच में साजिशकर्ताओं का पर्दाफाश हो जाएगा। मौके पर केंद्रीय महासचिव खालिद खलील, जिलाध्यक्ष बेदू साव, केंद्रीय कमेटी सदस्य सुनील यादव, अरशद खान, सुनिल यादव सहित अन्य लोग मौजूद थे।