डोमचांच के नवगठित नगर पंचायत कार्यालय में चुनाव के लगभग एक माह बाद भी संसाधनों की कमी बनी हुई है। नतीजतन राशि के आवंटन के बाद भी विकास योजनाओं का क्रियान्वयन नहीं हो पा रहा है। प्रखंड की पांच पंचायतों को मिलाकर नगर पंचायत का गठन किया गया है। नगर पंचायत के कार्यालय के लिए डोमचांच दक्षिणी पंचायत भवन को चयनित किया गया है। भवन में कुल सात कमरे हैं। महज एक कमरे की चाबी ही नगर पंचायत कार्यालय के लिए सौंपी गई है। बाकी कमरे बंद पड़े हैं। बंद कमरों की चाबी पूर्व मुखिया व पंचायत सेवक के पास है। वहीं भवन के ऊपरी तल्ले पर सीओ का आवास बना है। जिला प्रशासन की ओर से कार्यालय सहित उपस्करों की भी व्यवस्था नहीं की गई है। सामान्य बैठकों को छोड़ एक दिन भी नगर पंचायत कार्यालय नहीं खुलता है। नगर पंचायत कार्यालय के लिए अबतक कर्मियों का पदस्थापन नहीं किया जा सका है। नगर पंचायत की अधिसूचना के जारी होने के साथ ही इन पांचों पंचायतों में प्रखंड से सारे विकास कार्य बंद हो गए हैं। नगर पंचायत में सरकार की ओर से सड़क निर्माण व मरम्मत के लिए 46 लाख रुपए आवंटित किए गए हैं, जो खर्च नहीं हो पाया है। इस संबंध में अध्यक्ष राजकुमार मेहता ने बताया कि वर्तमान में डोमचांच दक्षिणी पंचायत भवन का एक ही कमरे की चाबी सहित 68 कुर्सी व 2 टेबल ही दिया गया है।
उन्होंने बताया कि अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के लिए अलग कार्यालय व उपस्कर की व्यवस्था नहीं की गई है और न ही कोई विभागीय कर्मचारी उपलब्ध कराया गया है, जिससे विकास कार्य पूर्णत: बाधित है। वहीं उपाध्यक्ष पप्पू मेहता ने कहा कि विभाग की ओर से कोई नियमावली व कार्यों के प्रारूप से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने से ऊहापोह की स्थिति बनी हुई है।
दुर्दशा
पंचायत भवन के एक कमरे में संचालित है नगर पंचायत का कार्यालय
पंचायत भवन की तस्वीर