प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय सिमरिया में शनिवार को मध्याह्न भोजन में छिपकली गिरने से खाना खाने से करीब 25 बच्चे बीमार हो गए। जिन्हें तत्काल रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से प्राथमिक उपचार कर बच्चों को सदर अस्पताल भेजा गया। सभी बच्चों की स्थिति सामान्य होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इधर खबर मिलने के बाद स्कूल पहुंचे ग्रामीण काफी आक्रोशित हो गए। इस दौरान ग्रामीणों व रसोईया जितनी मसोमात, दुलारी देवी व बिंदवा देवी के बीच नोकझोंक हुई। ग्रामीण दोषी लाेगों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। बाद में इसकी सूचना प्रशासन को दी गई। सूचना के बाद तत्काल डॉ. रंजीत कुमार के नेतृत्व में एक मेडिकल टीम को एम्बुलेंस के साथ स्कूल में भेजा गया। वहीं सूचना पाकर बीडीओ नारायण राम, बीईईओ कृष्ण मेहता, बीपीओ संतोष कुमार स्कूल पहुंचकर बच्चों का हाल जाना। वहीं सदर अस्पताल में डीएसई नारायण साह ,सीओ नाजिया अफरोज ने पहुंचकर बीमार हुए बच्चों की जानकारी ली।
स्कूल में लगी ग्रामीणों की भीड़।
एचएम सहित सभी चार पारा शिक्षक गायब थे
मध्याह्न भोजन के दौरान विद्यालय में प्रधानाध्यापक सहित अन्य सभी चार पारा शिक्षक गायब थे। करीब 11 बजे विद्यालय पहुंचे प्रधानाध्यापक सरयू रजक ने बताया की सोमवार से गर्मी की छुट्टी हो रही है। जिसके कारण अनुपस्थिति विवरणी देने के लिए वे डोमचांच गए थे। वहीं विद्यालय में छुट्टी होने के बाद सभी शिक्षक घर चले गए थे। यह पूछे जाने पर कि मध्याह्न भोजन को किसके द्वारा चखा गया था, प्रधानाध्यापक ने बताया कि रसोईया ने खुद चखा था। वहीं बीडीओ द्वारा चखना पंजी मांगे जाने पर उपलब्ध नहीं करायी गई।
सदर अस्पताल में बच्चों का हाल चाल लेते डीएसई।
बीमार बच्चों के नाम
खाना खाने से बीमार हुए बच्चों में नीतू कुमारी, सीमा कुमारी, सोनाली कुमारी, सत्यम कुमार, दीपांशु कुमार, विक्रम कुमार, नीरज कुमार, रोशनी कुमारी, रीमा कुमारी, नीलम कुमारी, स्वीटी कुमारी, अंशु कुमारी, प्रियांशु कुमारी, सोनिका कुमारी, सुंदरम कुमार, शिवम कुमार, सत्यम कुमार, मनोज कुमार, राहुल कुमार, डोली कुमारी, ज्योति कुमारी, पुनीता कुमारी, विक्की कुमार के नाम शामिल हैं।