शिवनाथ व सूखा नाला (बगदई) नदी के संगम पर बसे नगर के वार्ड 12 व 13 के निवासी इस सीजन में गंभीर जल संकट झेल रहे हैं। ज्ञात हो कि दोनों वार्डों के ज्यादातर हैंडपंप व बोर फेल हो चुके हैं, वहीं नलों में पानी के नाम पर केवल हवा ही निकल रही है।
वार्ड के नूतन साहू, घनश्याम, हरि, भुवन व अन्य ने बताया कि बीते दो माह से वार्ड के निजी व सार्वजनिक नलों में पानी नहीं आ रहा है। वहीं बोर भी सूख गए है इसकी शिकायत नगर पंचायत में लगातार किया गया था लेकिन नपं ने समस्या का स्थायी निदान करने के बजाय टैंकर से पानी की सप्लाई की जा रही है जो जरूरत के लिए अपर्याप्त है। वार्डवासियों ने बताया कि वार्ड के लगभग 80 फीसदी नागरिक मजदूरी, गुमास्ता व कृषि कार्य कर अपना व परिवार का जीवन यापन करते है परंतु पानी की व्यवस्था में लगने वाले समय के कारण ज्यादातर परिवारों को जीवकोपार्जन की समस्या उत्पन्न हो गई है।
नदी में निस्तारी, शौचालय का उपयोग बंद: नगर के वार्ड 12 व 13 में इन दिनों गंभीर जल संकट की स्थिति है। आमजनों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। वही पानी की कमी के कारण नागरिकों को निस्तारी के लिए नदी पर आश्रित है। जबकि पानी की कमी के कारण आमजन अब शौचालय का प्रयोग करने से कतरा है। इस संदर्भ में वार्डवासी व पूर्व पार्षद रामकुमार गुप्ता व मनबोधी पटेल ने बताया कि गर्मी के पूर्व से ही दोनाें वार्डों में पानी की समस्या के समाधान के लिए नपं से मांग किया गया था लेकिन अब तक कोई भी गंभीर प्रयास नहीं किया गया।
डोंगरगांव.वार्ड 12 व 13 के लोग टैंकर पहुंचते ही पानी के लिए टूट पड़ते हैं।