पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

नदी व नालों में चौबीसों घंटे रेत का अवैध उत्खनन

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
वनांचल के नदी व नालों से इन दिनों रेत का भारी पैमाने पर अवैध उत्खनन किया जा रहा है। स्थिति यह है कि इस अवैध कार्य को रोकने के लिए जिम्मेदार विभाग के अफसर भी निष्क्रिय बने हुए हैं। जिससे पूरे क्षेत्र में नदी नालों से 24 घंटे रेत की निकासी की जा रही है। शिकायतों के बाद भी इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं किए जाने से खनिज विभाग पर भी उंगलियां उठने लगी है।

नगर एवं क्षेत्र से गुजरने वाली शिवनाथ नदी तथा अन्य सहायक नदी नालों से इन दिनों बड़ी मात्रा में रेत का अवैध उत्खनन किया जा रहा है। सबसे अधिक शिकायतें चिलाडबरी से मिल रही है। यहां पर तो 24 घंटे नदी से रेत निकालने के लिए वाहनों का रेला लगा रहता है। इसी तरह चिल्हाटी पाटन मुख्य मार्ग में साल्हे नदी व खैरी पांगरी, कान्हे, धानापायली, पीपरखार से सुबह 4 से देर रात तक रेत का अवैध उत्खनन किया जा रहा है। ऐसा नहीं हैं कि वनांचल के नदी नालों से हो रहे रेत के अवैध उत्खनन की जानकारी प्रशासन व खनिज विभाग को न हो। आए दिन ग्रामीणों द्वारा रेत के अवैध उत्खनन की शिकायतें की जाती है पर हर बार पुछल्ले ट्रांस्पोर्टरों के खिलाफ एक-दो कार्रवाई के बाद मामला आगे नहींं बढ़ पाता। पूरे मामले में खनिज विभाग की भूमिका पूरी तरह संदेह के दायरे में है। क्योंकि क्षेत्र में किसी भी स्थान में नदी व नालों से रेत निकालने के लिए पर्यावरण विभाग से अनुमति व खनिज विभाग से लीज नही है पर इधर क्षेत्र के नदी नालों से बिना अनुमति धड़ल्ले से 24 घंटे रेत का अवैध उत्खनन व परिवहन किया जा रहा है।

रेत से भरी वाहनो की अंधी रफ्तार से हो रही है दुर्घटनाएं: क्षेत्र के नदी नालों से रेत का अवैध उत्खनन व परिवहन करने वाले हल्के व भारी वाहनों की अंधी रफ्तार से इन दिनों क्षेत्र में भारी सड़क दुर्घटना हो रही है। पिछले सप्ताह भर पहले नगर में रेत से भरी एक माजदा के ठोकर से नगर में एक युवक की जान चली गई। जबकि कुछ माह पहले चिल्हाटी मार्ग में एक माजदा के पलटने से 2 युवक की मौत हो गई। इसी तरह आए दिन रेत से भरे वाहनो के कारण नगर व क्षेत्र में दुर्घटनाएं हो रही है।

चिलाडबरी में शिवनाथ नदी व साल्हे और खैरी पांगरी नाले में उत्खनन

अंबागढ़ चौकी. नदी से अवैध रेत उत्खनन कर परिवहन कियाा जा रहा है।

प्रति गाड़ी 200 से 500 रुपए की वसूली की जा रही

चिलाडबरी में प्रति माजदा व टेक्टर वाहनों से रेत भरने के नाम पर 200 से 500 रुपए की अवैध उगाही की जा रही है। बताया जाता है की जिन जिन गांवों में नदी व नालों में रेत निकाली जाती है। वहां पर कुछ लोगों ने एक समिति बना रखी है और इस समिति के तथाकथित सदस्य व पदाधिकारी रेत का परिवहन करने वाले ट्रांस्पोर्टरों व वाहन मालिकों से अवैध वसूली करते है। आए दिन इन समितियों के सदस्यों के मध्य अवैध उगाही की राशि के बंदरबाट को लेकर मारपीट भी होती है। शिकायत थाने तक भी आती है पर मामला हर बार साठगांठ कर निपटा लिया जाता है। शिकायत तो यहां तक है की इसी राशि से जिम्मेदार विभाग के अधिकारियों को भी हिस्सेदारी पहुंचाई जाती है। इसलिए एसे तत्वों पर आज तक कार्रवाई नहीं हो पाई है।

जल्द ही अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी

समय समय पर राजस्व विभाग द्वारा अभियान चलाकर रेत का अवैध उत्खनन व परिवहन करने वालों पर कार्रवाई करती है। जिन स्थानों से शिकायतें मिल रही है वहां पर शीघ्र ही अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। डी आर ध्रुव, तहसीलदार

माफिया सूनसान रोड पर डंप कर रहे रेत बरसात में दोगुने दाम पर होगी बिक्री

डोंगरगढ़. ब्लाॅक में रेत का अवैध उत्खनन कर अवैध तरीके से डंप किया जा रहा है।

डोंगरगढ़| ब्लाॅक में रेत का अवैध उत्खनन कर अवैध तरीके से डंप करने का कार्य जोरों से चल रहा है। रेत माफिया मौके का फायदा उठाकर सूनसान रोड पर रेत डंप करने में लगे हैं। चुनावी वर्ष होने के कारण जहां निर्माण कार्यों की होड़ सी लग गई है, वहीं अवैध उत्खनन पर शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होने से रेत का अवैध उत्खनन करने वालों के हौसले बुलंद हैं। ब्लॉक के ग्राम पंचायत मुड़पार से राका पहुंच मार्ग मेें सैकड़ों ट्रक रेत अवैध उत्खनन कर डंप कर दी गई है। लगातार हो रहे अवैध उत्खनन की शिकायत खनिज विभाग के साथ-साथ तहसीलदार व एसडीएम को भी की गई है। अवैध उत्खनन कर शासन को चुना लगा रहे रेत माफिया के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे अवैध खनन के कार्य को और बढ़ावा मिल रहा है। ग्रामीणों ने कलेक्टर से ठोस कार्रवाई की मांग की है।

नंबर प्लेट गायब: खनिज संपदा के अवैध उत्खनन में लगे अधिकांश वाहनों के नंबर प्लेट सुनियोजित ढंग से गायब कर दी गई है। खनिज विभाग व पुलिस विभाग वाहन पकड़ने के बाद भी चालानी कार्रवाई तक नहीं कर रहा है।

खबरें और भी हैं...