राजहरा क्षेत्र के बच्चों को मुफ्त में किताबें व आवास की सुविधा
बीएसपी सीएसआर के ट्राइबल विद्यार्थियों ने सीजी बोर्ड की कक्षा-10 वीं की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। परीक्षा में 19 विद्यार्थी शामिल हुए। इनमें 15 प्रथम और 4 विद्यार्थी दूसरे स्थान पर रहे।
बीएसपी के निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व के अंतर्गत राजहरा एवं रावघाट खदान क्षेत्र के 71 मध्यवर्ती जोन के गांवों के ट्राइबल विद्यार्थियों ने शैक्षणिक वर्ष 2017-18 की छत्तीसगढ़ बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर खनिज नगरी को गौरवान्वित किया है। परीक्षा परिणाम के तहत डौंडी ब्लॉक के पुत्तरवाही गांव के राकेश कुमार ने इस बैच में 89.33 प्रतिशत अंक हासिल कर सर्वोच्च स्थान अर्जित किया है। वहीं डौंडी ब्लॉक के कुसुमकसा गांव के पंकज कुमार कोठारी ने 87.67 प्रतिशत, खैरवारी गांव के सतीश कुमार ने 86.50 प्रतिशत एवं कोटगांव के दीकेश कांत नायक ने 82.33 प्रतिशत अंक प्राप्त किया है।
रावघाट क्षेत्र के बच्चों को छठी से पढ़ा रहा बीएसपी
रावघाट क्षेत्र के अंतागढ़ ब्लॉक के तहत कोलार गांव के धर्मेंद्र कुमार ने 82.33 प्रतिशत अंक हासिल किया है। कुल 19 विद्यार्थियों में से 15 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी अर्जित की है। ज्ञात हो कि बीएसपी हायर सेकंडरी स्कूल क्रमांक-2 राजहरा में इन विद्यार्थियों को कक्षा-6 वीं में प्रवेश दिया गया था। इसके अलावा राजहरा के ज्ञानोदय छात्रावास में इन विद्यार्थियों को निशुल्क यूनिफार्म, किताबें, पठन सामग्री एवं आवास सुविधा प्रदान की गई थी।
11वीं व 12वीं की पढ़ाई का खर्च भी बीएसपी उठाएगा
इन विद्यार्थियों के कक्षा-10 वीं में उत्तीर्ण होने के उपरांत उन्हें इस्पात नगरी के भिलाई विद्यालय, सेक्टर-2 में कक्षा-11 वीं एवं 12 वीं की शिक्षा प्रदान की जाएगी। साथ ही सेक्टर-4 के ज्ञानोदय छात्रावास में आवास सुविधा के साथ यूनिफार्म, किताबें एवं पठन सामग्री प्रदान की जाएगी।