ग्राम मंगलतराई में शनिवार को खाद गोदाम का उद्घाटन करते हुए जिला सहकारी संघ के अध्यक्ष झुनमुन गुप्ता ने कहा कि जिले में सहकारिता का अच्छा माहौल है, सहकारिता के माध्यम से दुग्ध उत्पादन, बुनकर सहकारी समितियों के माध्यम से रोजगार, मशरूम उत्पादन से आर्थिक उन्नयन हो रहा है।
मंगलतराई में 12 लाख रुपए की लागत से खाद गोदाम बन जाने से किसानों को फायदा होगा। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक द्वारा इस भवन निर्माण के लिए आदिम जाति सेवा सहकारी समिति घोटिया को 6 लाख रुपए का लोन तथा 6 लाख रुपए की सब्सिडी दी गई है। मुख्य अतिथि दुर्ग सहकारी बैक के संचालक रेवाराम रावटे ने कहा कि वनांचल के किसानों को खाद बीज के लिए अब 10 किमी नहीं जाना पड़ेगा। माइक्रो एटीएम जैसी सुविधा बैंक द्वारा प्रत्येक सेवा सहकारी समिति में शुरू किया जा रहा है। इसी प्रकार बैंक द्वारा हमें लोन, केसीसी, व्यवसाय लोन, कृषि उपकरण तथा विभिन्न कृषि कार्य के लिए जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक द्वारा लोन दिया जाता है। इस मौके पर जिपं सदस्य अनिता कुमेटी, जनपद सदस्य पूजा गावड़े, मंगलतराई सरपंच सुनीता नेताम, उपाध्यक्ष द्वय पूरनलाल राजपूत, बिसमा बाई साहू, कुआगोंदी समिति अध्यक्ष रघुबीर सिंह मरकाम, उपाध्यक्ष जोइधाराम यदु, भर्रीटोला समिति अध्यक्ष जितेन्द्र गवर्ना, सीताराम करेटी व अन्य मौजूद थे।
डौंडी. मंगलतराई में गाेदाम का लोकार्पण अवसर पर उपस्थित अतिथि।
ग्राम पटेली में अब तक नहीं बन पाया खाद गोदाम
आदिम जाति सेवा सहकारी समिति घोटिया के अध्यक्ष झाडू राम उइके, संचालक भोज कुमार साहू सहित संचालक मंडल के लोगों ने बताया कि घोटिया समिति के माध्यम से ही ग्राम पटेली में खाद गोदाम का निर्माण कार्य मंगलतराई से पहले शुरू हुआ है, परन्तु आज तक पूरा नहीं हो पाया है। गोदाम की दीवारे खड़ी कर दी गई है, परन्तु चार माह के काम बंद कर दिया गया है।