दूूदू में चार डंपरों को पुलिस व खनन विभाग ने किया जब्त
दूदू-मालपुरा रोड पर सोमवार को पुलिस व खनिज विभाग ने कार्यवाही करते हुए बनास नदी से अवैध बजरी खनन कर ले जा रहे चार डंपरों को जब्त किया। थानाधिकारी हरि सिंह धायल व खनिज विभाग के वीसी मीणा ने कार्यवाही करते हुए चारों डंपरों को जब्त कर थाने में खडा़ करवा दिया। मीणा ने बताया कि प्रत्येक डंपर में 40- 40 टन बजरी भरी हुई थी। ओवरलोड की कार्यवाही करते हुए प्रत्येक डंपर पर 1 लाख 14 हजार का जुर्माना किया गया। चारों डंपरों पर कुल 4 लाख 56 हजार का जुर्माना किया गया।
दूदू. थाना परिसर में खडे़ जब्त ओवरलोड डंपर।
सख्ती से बजरी माफिया चुनते हैं नए-नए रास्ते
बजरी माफिया बनास (टोंक) नदी से अवैध रूप से बजरी खनन कर जयपुर व अन्य शहरों में ले जाते हैं, जहां रोक होने के कारण बजरी को कई गुना महंगे दामों में बेचते हैं तथा राजमार्ग व कई अन्य जगह पुलिस व खनिज विभाग की सख्ती होने के कारण माफिया नए-नए रास्तों से बजरी भरे डंपरों को ले जा रहे हैं। ये रास्ते लम्बे भी पड़ते हैं, लेकिन बजरी के कई गुना दाम मिलने के कारण माफिया दूरी की परवाह नहीं करते हुए अपने वाहनों को ले जा रहे हैं। वहीं अधिकतर अवैध बजरी भरे वाहन कार्यवाही के डर से देर रात्रि व अल सुबह जल्दी ही चलते हैं। इसमें चालकाें को भी ज्यादा पैसे दिए जाते हैं। इससे चालक कार्यवाही का खतरा होने के बावजूद अवैध बजरी के वाहनों को चलाते हैं।