शुक्रवार सवेरे बगरू पुलिया पर एक पिकअप को तेज गति से आ रहे ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में एक की मौत हो गई तथा तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि अजमेर की ओर से पिकअप जयपुर की ओर जा रही थी। पिकअप चालक ने पुलिया के पास वाहन का इंतजार करते चार लोगों को देखकर अचानक ब्रेक लगाए, जिससे पीछे से आ रहे ट्रक चालक ने ट्रक पर से नियंत्रण खो दिया तथा पिकअप को चपेट में ले लिया। अनियंत्रित पिकअप की चपेट में अाने से मालिड़ा थाना नरेना दूदू निवासी मिश्रीलाल बलाई (22) पुत्र मोहन लाल बलाई की मौके पर ही मौत हो गई तथा हनुमान कुम्हार, जगमाल व मुकेश बागरिया घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक का शव राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बगरू के मुर्दाघर में रखवाकर परिजनों को सूचित किया तथा घायल तीनों लोगों काे उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। परिजनों के पहुंचने पर पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपा।
यात्रियों के इंतजार की व्यवस्था नहीं
पुलिया के दोनों ओर ढलान पर वाहनों का इंतजार करने वाले यात्रियों के खड़े होने के लिए कोई व्यवस्था नहीं होने के कारण आए दिन हादसे होते हंै। बावजूद इसके संबंधित प्रशासन व परिवहन विभाग द्वारा यात्रियों के खड़े होने के लिए बस स्टेंड की व्यवस्था नहीं की जा रही है।
बगरू. हादसे के बाद बालाजी मंदिर की चारदीवारी में घुसा बेकाबू कंटेनर व क्षतिग्रस्त पिकअप।