बिजलीकर्मी अब खेतों में जाकर करेंगे किसानों को जागरूक
बादली | क्षेत्र में निरंतर बढ़ रही आगजनी की घटनाओं को देखते हुए बादली बिजली निगम कार्यालय में निगम के एसडीओ खूबचंद ने निगम के कर्मचारियों के साथ एक बैठक की। बैठक के माध्यम से कर्मचारियों ने किसानों से आह्वान किया गया कि किसान अपनी कटी हुई व खेतों में खड़ी हुई फसलों का विशेष ध्यान रखें। कटी हुई फसलों को बिजली के तारों से दूर रखें, ताकि किसी प्रकार की मामूली स्पार्किंग उनकी महीनों की मेहनत को जलाकर खाक न कर दें। इसके अलावा जिन किसानों ने क्षेत्रों में मशीनों से गेहूं की कटाई कराई है वह किसान अपने खेतों को जोत दें, जिससे किसी प्रकार की आग लगने की स्थिति में आग ज्यादा खेतों में न फैल सके। वह किसी एक स्थान पर रूक सके और अन्य किसानों को आर्थिक नुकसान न हो। आग लगने के कारण किसानों को भारी खामियाजा भुगतना पड़ता है। बैठक में कर्मचारियों को संबोधित करते हुए एसडीओ खूबचंद ने कहा कि बिजली कर्मी भी खेतों का निरंतर दौरा करें। अगर कहीं पर लटके बिजली के तार दिखाई दे उन्हें तुरंत चेक करें। खेतों में जाकर किसानों से भी आह्वान करें कि वह अपनी फसलों को बिजली के तारों से, बिजली के ट्रांसफार्मरों से दूर रखें। बैठक में जेई जोगिंदर, बिजेंद्र कुमार, प्रधान दर्शनपाल, धर्मेन्द्र गुलिया व अन्य बिजली कर्मचारी उपस्थित रहे।