आसिफा को न्याय दिलाने के लिए बादली में निकाला कैंडल मार्च
आठ वर्षीय किशोरी आसिफा की जघन्य हत्या की घटना के चलते गांव बादली में देर शाम को कैंडल मार्च निकालकर आसिफा के लिए न्याय की मांग की गई। स्वयंसेविका नेहा रानी की देख-रेख में बादली में महिलाओं, लड़कियों और बच्चों ने कैंडल मार्च निकालकर घटना को लेकर रोष जताया। सभी ने गांव की महिला चौपाल में घटना पर दुख जताते दो मिनट का मौन भी रखा। कैंडल मार्च कस्बे के मुख्य बाजार से होते हुए बादली बस स्टैंड तक पहुंचा। कस्बे की महिलाओं ने आसिफा के प्रति शोक प्रकट किया। लड़कियों व महिलाओं ने शासन-प्रशासन से घटना के जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की गई। कैंडल मार्च में नेहा रानी, नीरज, अनूप, नेहा, काजल, पूनम, मंजू, तरूण, संदीप, कुसुम, प्रवीण, पूजा, सोनम के अलावा अनेकों अन्य लड़कियां व महिलाएं शामिल रही।
कांग्रेसियों ने काले कपड़े पहन पैदल मार्च निकाला
झज्जर | बेटियों के साथ हो रहे अन्याय व जघन्य अपराधों को लेकर महिला कांग्रेस ने मंगलवार को झज्जर में रोष प्रकट किया। कार्यकर्ताओं ने काले कपड़े पहनकर काला दिवस मनाया और प्रदेश व केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। बाद में तहसीलदार नरेंद्र दलाल को ज्ञापन सौंपा। इससे पूर्व डाॅ. भीमराव अंबेडकर चौक से लेकर लघु सचिवालय तक प्रदेश महिला कांग्रेस महासचिव नीना राठी एवं पार्षद डाॅ. नीना सतपाल राठी के नेतृत्व में विरोध स्वरूप पैदल मार्च निकाला। सीएम व पीएम का पुतला भी फूंका। इस मौके पर सविता झाड़ली, शीतल मान, कमलेश, बबली, संतोष ने भी अपने विचार रखे।