बाढ़सा-गालीमपुर मार्ग पर चलती गाड़ी में अचानक आग लग गई। आग लगने के कारण कोई जानी नुकसान तो नहीं हुआ, लेकिन गाड़ी बुरी तरह से जलकर राख हो गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी व बादली पुलिस मौके पर पहुंची।
घटना में कार चालक सुरक्षित गाड़ी से बाहर निकलने में कामयाब रहा। गांव समचाना निवासी अशोक पुत्र रामेहर देर शाम अपने किसी रिश्तेदार से मिलने के लिए स्विफ्ट डिजायर कार में बाढ़सा आ रहा था। वह अभी मित्राऊ, दिल्ली में रह रहा है। गालीमपुर से निकलकर अशोक जैसे ही बाढ़सा रोड पर पहुंचा ही था कि गाड़ी में आग लग गई। आग लगने के उपरांत जैसे-तैसे अशोक ने अपनी गाड़ी को रोका और गाड़ी से निकलने में कामयाब रहा। अशोक के निकलते ही गाड़ी में आग भड़क गई। सूचना फायर ब्रिगेड विभाग को दी गई। सूचना मिलने पर बादली पुलिस भी मौके पर पहुंची। जब तक आग पर काबू पाया जाता गाड़ी बुरी तरह से जल गई थी।