राजकीय प्राथमिक विद्यालय ईदपारा का विलय दुलमी विद्यालय में किया जा रहा है। इसका विरोध विद्यालय के बच्चे सहित अभिभावकों ने गुरुवार को विद्यालय परिसर ईदपारा में किया। साथ ही विद्यालय के अभिभावकों ने उपयुक्त को मामले को लेकर आवेदन भी दिया है। इसमें कहा गया है कि राप्रावि ईदपारा में दुलमी स्कूल के मुकाबले बच्चों की उपस्थिति बेहतर है।
वहीं यहां बच्चों की संख्या भी ज्यादा है। इसके बावजूद भी शिक्षा विभाग द्वारा राप्रावि ईदपारा का विलय दुलमी विद्यालय में किया जा रहा है। इसका विद्यालय के बच्चों के साथ अभिभावक भी विरोध करते हुए उपयुक्त से विद्यालय का विलय रोकने की मांग की। साथ ही उपयुक्त को दिए आवेदन में अभिभावकों ने ये भी कहा कि अगर विद्यालय का विलय नहीं रोका जाता है तो शिक्षा नीति और शिक्षा का विरोध करते हुए अपने बच्चों को दुलमी स्कूल नहीं जाने देंगे। विरोध करने वालों में विनय कुमार सिन्हा, अमित सिन्हा, लक्ष्मी देवी, इंदु देवी, महेश महतो, जिबु महतो, सुदुल महतो, विपति देवी, संजय महतो, आरती देवी, फुलेश्वरी देवी सहित कई मौजूद थे।
विद्यालय विलय का विरोध करते स्कूली बच्चे व अभिभावक।
नियमों के आधार से किया गया है विद्यालय का विलय
शिक्षा प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी मो इंसाउल्लाह ने बताया कि विद्यालय विलय को लेकर राज्य सरकार से निर्देश आया था, विद्यालय विलय निर्देश के आलोक में ही विद्यालयों का विलय किया जा रहा है। राप्रावि ईदपारा भी विद्यालय विलय के नियमों में आ रहा होगा। इसलिए विद्यालय का विलय दुलमी में किया जा रहा है। विद्यालयों का विलय राज्य सरकार के निर्देश के आलोक में ही किया जा रहा है।