स्वर्गछिड़ा स्कूल के 73 विद्यार्थियों के भविष्य के साथ हो रहा खिलवाड़
स्वगंछिडा उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय में बच्चों को पढाता गांव का एक युवक।
भास्कर न्यूज | डुमरिया
डुमरिया के स्वर्गछिडा गांव के उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय के अध्ययनरत 73विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।इस विद्यालय का विलय विभाग द्वारा डुमरिया मध्य विद्यालय में कर दिया गया है।लेकिन अभिभावकों ने विलय का विरोध करते हुये बच्चे व अभिभावकों ने डुमरिया गुडाबांदा मुख्य सडक को जाम कर दिया था। प्रभारी शिक्षा पदाधिकारी बैकुण्ठ महतो ने ग्रामीणों को लिखित आश्वासन दिया था कि अगले आदेश तक स्वर्गछिडा स्कूल मे ही कक्षाएं चलेगी और जिला स्तर के बैठक होने तक दोनो पारा शिक्षक पूर्ववत बच्चों को पढायेगे।लेकिन सोमवार तक यहां एक पारा शिक्षक बच्चों को एक कमरे मे बैठाकर पढाया। मंगलवार से वह पारा शिक्षक स्वगंछिडा स्कूल नहीं जाकर डुमरिया मध्य विद्यालय मे योगदान दे दिया। स्वगंछिडा स्कूल शिक्षक विहीन होने के कारण एक इण्टर पास युवक रामु सोरेन बच्चों को पढा रहे है। रामु ने बताया कि ग्रामीणों के कहने पर मैं सेवा दे रहा हूँ।बीईईओ द्वारा पारा शिक्षक को लिखित आदेश नहीं देने के कारण वह यहां सेवा देना बंदकर दिया और डुमरिया मध्य विद्यालय मे योगदान कर दिया।ग्रामीण कई बार मिलने के लिये बीआरसी गये लेकिन बीईईओ से मुलाकात नहीं हो पाया। स्कूल मे मध्यान्ह भोजन भी बंद है।