कांग्रेस व झामुमो पर लगाए कई आरोप
दुमका|गोड्डा के भाजपा सांसद निशिकांत दूबे ने झामुमो व कांग्रेस पर आतंकवाद व बांग्लादेशी घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया है। शनिवार को भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में सांसद निशिकांत ने कहा कि ऐसे दलों के कारण ही राज्य व देश का विकास बाधित हो रहा है। सांसद निशिकांत नगर निकाय चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने को लेकर जनता से आहवान किया। उन्होंनें कहा कि राज्य में दलगत आधार पर हो रहे नगर निकाय चुनाव इस बार कई मायनों में महत्वपूर्ण है। उन्होंनें कहा कि जनता भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में है। दुमका नगर निकाय चुनाव को राज्य की समाज कल्याण मंत्री डा लुइस मरांडी की प्रतिष्ठा से जुड़े होने के कारण इसे महत्वपूर्ण बताते हुए सांसद ने कहा कि अगर भाजपा के खिलाफ नगर निकाय चुनाव में जनादेश गया तो यहां पर जंगलराज व गुंडाराज की शुरूआत हो जायेगी। इस मौके पर समाज कल्याण मंत्री डा लुइस मरांडी, प्रवीण प्रभाकर, सीताराम पाठक, जिलाध्यक्ष निवास मंडल, नगर पर्षद अध्यक्ष पद प्रत्याशी अमिता रक्षित आदि थे।