झारखंड में विधि व्यवस्था की स्थिति खराब : हेमंत
राज्य विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता हेमंत सोरेन ने राज्यपाल द्रोपदी मुर्मू द्वारा राज्य के पुलिस महानिदेशक एवं गृह सचिव को राज्य की विधि व्यवस्था को लेकर राजभवन बुलाये जाने पर कहा कि इससे स्पष्ट हो गया है कि राज्य की विधि व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गयी है। और राज्य सरकार व्यवस्था को सुधारने में विफल साबित हुई है। हेमंत शुक्रवार को दुमका स्थित अपने आवास में मीडियाकर्मियों से बातचीत में उक्त बातें कहीं। उन्होंनें कहा कि राज्य सरकार सभी मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। और मुख्यमंत्री रघुवर दास के अकुशल कार्यशैली के कारण राज्य की सभी संस्थाएं लाचार हो गयी है। उन्होंनें आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा नीत सरकार के दबाव में कार्यपालिका निरंकुश होकर काम कर रही है जिससे आम जनता त्रस्त है। उन्होंनें कहा कि सरकार कार्यपालिका को सुचारू रूप से संचालित करने में भी विफल रही है। सरकार विकास के नाम पर सिर्फ राजनीति कर रही है कहीं भी सरकार का विकास नहीं दिख रहा है। हेमंत ने कहा कि सरकार का विकास म्यूजियम में रखे मूर्ति की तरह है जिसे जनता बस देखकर ही इसका अहसास कर रही है।आमलोगों को सरकार के विकास का कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है। राज्य में दलगत आधार पर हो रहे नगर निकाय चुनाव के संबंध में पूछने पर हेमंत ने भाजपा द्वारा जीत के दावे पर कहा कि इसलिए मुख्यमंत्री रघुवर दास को नगर निकाय के चुनाव में भी राज्य के गली- मुहल्लों में घूमना पड़ रहा है। इसके बावजूद राज्य की जनता मुख्यमंत्री रघुवर दास और उनकी पार्टी भाजपा को सबक सिखाने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि वे नगर निकाय चुनाव में प्रचार- प्रसार से बाहर है।