भाजपा नीत सरकार आंतरिक और बाहरी सुरक्षा मामले में विफल: डाॅ. अजय कुमार
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता और झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पूर्व सांसद डा अजय कुमार ने कहा कि केन्द्र की भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) सरकार देश की आंतरिक सुरक्षा और बाहरी सुरक्षा को दुरूस्त करने के मामले में पूरी तरह विफल साबित हुई है। डाक्टर कुमार शुक्रवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में आरोप लगाते हुए कहा कि कटुआ और उन्नाव की घटना ने पूरी दुनिया में देश को शर्मसार किया है। उन्होंने कहा कि पिछले चार साल के दौरान लगभग 27 हजार अरबपति विभिन्न बैंको को पैसा लेकर विदेश चले गये। जिससे देश की अर्थ व्यवस्था चरमरा गयी है। उन्होंने कहा कि इस दौरान चीन ने करीब 1700 बार भारत की सीमा पर हस्तक्षेप किया। पाकिस्तान की सीमा पर सबसे अधिक देश के जवान शहीद हुए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार के पिछले चार वर्ष के कालखंड में महिला,आदिवासी,अनुसूचित जनजाति,युवा सहित सभी वर्ग के लोग त्रस्त हैं। उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास सरकार पर हमला करते हुए कहा कि राज्य सरकार विज्ञापनों के माध्यम से विकास का दावा कर रही है। सड़क,बिजली,पानी आदि मूल भूत सुविधाओं के अभाव से राज्य की आम जनता त्रस्त है। हत्या,बलात्कार आदि अपराधिक घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हुई है जिससे राज्य की विधि व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गयी है। उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री पर दुमका सहित पूरे राज्य को बर्वाद करने का आरोप लगाते हुए कहा कि समस्याओं से त्रस्त देश और राज्य की जनता को भाजपा के कुशासन से मुक्त कराने के लिए उनकी पार्टी ने पूरे देश को भाजपा मुक्त कराने का संकल्प लिया है। श्री कुमार ने कहा कि 2090 तक शासन करने का दावा करने वाली भाजपा को 2019 में होनेवाले आम चुनाव में ही सबक सिखाने के लिए देश की जनता तैयार है। उन्होंने आरोप लगाया कि मजदूरों के हितों का दंभ भरनेवाले राज्य के मुख्यमंत्री ने राज्य के मजदूरों को रोजगार से वंचित कर दिया है। इसलिए आनेवाले समय में राज्य की जनता श्री दास को टाटा कम्पनी में ही पुनः नौकरी करने को विवश कर देगी। इस मौके पर दुमका जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्यामल किशोर सिंह,निकाय चुनाव प्रभारी राजेश ठाकुर,डा.सुशील मरांडी, अशोक कुमार सिंह, दुमका नगर पर्षद के अध्यक्ष पद की प्रत्याशी अरबी खातून,उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी मनोज अम्बष्ट थे।